भारत और साउथ अफ्रीका के बीच कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में 14 नवंबर से 2 मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला खेला जाएगा। टीम इंडिया का अब तक घर पर अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में काफी शानदार प्रदर्शन देखने को मिला है, जिसमें पिछले 15 सालों में एक भी टेस्ट मैच में उन्हें हार का सामना नहीं करना पड़ा है। वहीं अफ्रीकी टीम की नजरें इस बार इस सूखे को खत्म करने पर रहने वाली हैं। कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में अब तक भारत और साउथ अफ्रीका के बीच तीन टेस्ट मुकाबले खेले जा चुके हैं।
टीम इंडिया ने 2 मैचों को किया है अपने नाम
कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में भारत और साउथ अफ्रीका टीम के बीच टेस्ट क्रिकेट में हेड टू हेड का रिकॉर्ड देखा जाए तो उसमें दोनों टीमों के बीच कुल तीन मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें 2 को टीम इंडिया अपने नाम करने में कामयाब रही है तो वहीं एक मैच साउथ अफ्रीकी टीम ने जीता है। भारत और साउथ अफ्रीका के बीच इस मैदान पर पहली बार साल 1996 में टेस्ट मैच खेला गया था, जिसमें साउथ अफ्रीका की टीम ने एकतरफा 329 रनों से जीत हासिल की थी। वहीं इसके बाद साल 2004 में जब भारत और साउथ अफ्रीका ने ईडन गार्डन्स स्टेडियम में मुकाबला खेला था, तो उसमें टीम इंडिया 8 विकेट से जीत हासिल करने में कामयाब रही थी। वहीं आखिरी बार साल 2010 में दोनों टीमों के बीच यहां पर मुकाबला खेला गया था और इसको भारतीय टीम पारी और 57 रनों से अपने नाम करने में कामयाब रही थी।
घर पर अब तक ऐसा रहा है टीम इंडिया का अफ्रीका के खिलाफ रिकॉर्ड
भारतीय टीम का टेस्ट क्रिकेट में साउथ अफ्रीका के खिलाफ घर पर रिकॉर्ड देखा जाए तो वह भी काफी शानदार देखने को मिलता है। टीम इंडिया ने साल 1996 में पहली बार घर पर अफ्रीकी टीम के खिलाफ टेस्ट मैच खेला था, जिसके बाद से अब तक उन्होंने कुल 19 टेस्ट मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने साउथ अफ्रीका की टीम को 11 बार मात दी है, जबकि 5 मैचों में हार का सामना करना पड़ा है, इसके अलावा तीन टेस्ट ड्रॉ पर खत्म हुए हैं। साउथ अफ्रीका की टीम ने आखिरी बार भारत को उसके घर पर टेस्ट मैच में साल 2010 में हराया था, जब उन्होंने नागपुर के स्टेडियम में खेले गए मुकाबले को पारी और 6 रनों से अपने नाम किया था।
ये भी पढ़ें
WTC को लेकर आई बड़ी खबर, सभी 12 टेस्ट टीमें होंगी हिस्सा, टू-टियर सिस्टम पर नहीं बनी बात