भारत और साउथ अफ्रीका के बीच 14 नवंबर से 2 मैचों की टेस्ट सीरीज का आगाज होगा। दोनों टीमों के बीच इस सीरीज का पहला मुकाबला कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेला जाएगा, जिसमें इस मुकाबले को लेकर भारत और साउथ अफ्रीका दोनों टीमें जमकर अभ्यास कर रही हैं। वहीं मौजूदा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियन साउथ अफ्रीकी टीम के हेड कोच शुकरी कोनार्ड का बड़ा बयान सामने आया है, जिसमें उन्होंने टीम इंडिया के खिलाफ इस टेस्ट सीरीज को अब तक की सबसे बड़ी चुनौती बताने के साथ ये भी कहा कि उनकी टीम इसका सामना करने के लिए पूरी तरह से तैयार है। साउथ अफ्रीका की टीम ने पिछले 15 सालों में एकबार भी भारत के दौरे पर टेस्ट मैच नहीं जीता है।
इस बार हमारे पास बेहतर स्पिन अटैक है मौजूद
भारतीय परिस्थितियों में किसी भी टीम के लिए टेस्ट क्रिकेट में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए स्क्वाड में अच्छे स्पिनर्स का मौजूद होना सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण होता है। इसी को लेकर साउथ अफ्रीकी टीम के हेड कोच शुकरी कोनार्ड ने कोलकाता टेस्ट से पहले हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि जब आपकी टीम में अच्छे स्पिनर्स मौजूद होते हैं तो इससे सीरीज में रोमांच आता है। मुझे लगता है कि इससे हमारा आत्मविश्वास काफी बढ़ा हुआ है। मैं ये नहीं कह रहा कि इससे पहले हमारी टीम में अच्छे स्पिनर्स नहीं थे, लेकिन इस बार हमारे पास केशव महाराज, साइमन हार्मर और सेनुरन मुथुसामी के रूप में बेहतर स्पिन तिकड़ी मौजूद है, जो इस टेस्ट सीरीज में अपना कमाल दिखा सकती है।
भारत को उसी के घर पर हराना सबसे बड़ी चुनौती
साउथ अफ्रीका टीम के हेड कोच शुकरी कोनार्ड ने अपने बयान में इस बात को स्वीकार किया कि भारत को उसी के घर पर हराना सबसे बड़ी चुनौती में से एक है। हमें यह भरोसा है कि अगर परिस्थितियां हमारे अनुकूल रहीं तो हम भारत को इसी सीरीज में कड़ी चुनौती देने में जरूर कामयाब होंगे। आप वर्ल्ड में किसी भी जगह पर भारत के खिलाफ खेलेंगे तो आपके लिए वह मुकाबला आसान नहीं रहने वाला है। मुझे नहीं लगता कि हम जिन टीमों के खिलाफ खेले हैं, उनकी तुलना भारत से की जा सकती है। ऐसे में यदि हमें इतिहास रचना है तो इस टेस्ट सीरीज में काफी बेहतर प्रदर्शन करना होगा।
ये भी पढ़ें
कप्तान शुभमन गिल के निशाने पर गावस्कर का बहुत बड़ा कीर्तिमान, विराट कोहली के रिकॉर्ड पर भी खतरा
IND vs SA: पहले टेस्ट में इस खिलाड़ी का खेलना पक्का, अभी से हो गया बड़ा खुलासा