भारतीय टीम ने आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सुपर-8 का अपना दूसरा मुकाबला चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में जिम्बाब्वे की टीम के खिलाफ खेला, जिसमें वह 72 रनों की बड़ी जीत हासिल करने में कामयाब रहे। इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने सेमीफाइनल में अपने पहुंचने की उम्मीदों को भी पूरी तरह से बरकरार रखा हुआ है। टीम इंडिया को अब एक मार्च को कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में सुपर-8 में अपना आखिरी मैच खेलना है, जो एक तरह से वर्चुअल क्वार्टर फाइनल ही है। इस मैच में जो भी टीम जीत हासिल करेगी वह सेमीफाइनल के लिए अपनी जगह को बनाने में कामयाब हो जाएगी। ऐसे में सभी की नजरें इस मैच से पहले टीम इंडिया का ईडन गार्डन्स स्टेडियम में रिकॉर्ड को लेकर भी टिकी हुई है।
टी20 इंटरनेशनल में भारतीय टीम का घरेलू मैदानों पर दबदबा देखने को मिलता है, जिसकी गवाही रिकॉर्ड भी देते हैं। कोलकाता का ईडन गार्डन्स स्टेडियम भी इसी लिस्ट में शामिल हैं। इस मैदान पर टीम इंडिया ने अब तक टी20 इंटरनेशनल में कुल 8 मुकाबले खेले हैं और इसमें से वह 7 मैचों को जीतने में कामयाब रहे हैं, जबकि सिर्फ एक मुकाबले में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। टीम इंडिया को इस मैदान पर पिछली बार साल 2011 में यहां पर टी20 इंटरनेशनल मैच में हार का सामना करना पड़ा था, जब उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ मैच खेला था और उसमें 6 विकेट से भारतीय टीम ने मैच को गंवाया था।
कोलकाता का ईडन गार्डन्स स्टेडियम की पिच बल्लेबाजी के लिए काफी मुफीद मानी जाती है, लेकिन यहां पर स्पिन गेंदबाजों का भी कमाल देखने को मिलता है। टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव का इस स्टेडियम में अब तक बल्ले से बेहतर प्रदर्शन देखने को मिला है, जिसमें उन्होंने 5 मैचों में खेलते हुए 26.75 के औसत से 107 रन बनाए हैं, जिसमें एक अर्धशतकीय पारी भी शामिल है। वहीं अक्षर पटेल का गेंदबाजी में कमाल देखने को मिला है और उन्होंने कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में 2 मैच खेले हैं और 6.2 के औसत से 5 विकेट लेने में कामयाब रहे हैं।
ये भी पढ़ें
T20 WC 2026: सेमीफाइनल से पहले छोड़ देगा टीम का साथ, अचानक क्यों जाना पड़ रहा है अपने घर
ICC T20 WC 2026: कब और कहां खेले जाएंगे टी20 विश्व कप 2026 के सेमीफाइनल, नोट कर लीजिए पूरी जानकारी
संपादक की पसंद