1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. नहीं चला वैभव सूर्यवंशी का जादू, भारत ने ओमान को चटाई धूल, सेमीफाइनल की 4 में से 3 टीमें हुईं तय

नहीं चला वैभव सूर्यवंशी का जादू, भारत ने ओमान को चटाई धूल, सेमीफाइनल की 4 में से 3 टीमें हुईं तय

 Written By: Vanson Soral
 Published : Nov 18, 2025 11:22 pm IST,  Updated : Nov 18, 2025 11:41 pm IST

ACC Men's Asia Cup Rising Stars 2025: इंडिया-ए ने टूर्नामेंट में दूसरी जीत दर्ज करते हुए सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली है। हर्ष दुबे ने शानदार अर्धशतक जड़ा।

IND vs OMN- India TV Hindi
भारत-ए Image Source : ACC

ACC Men's Asia Cup Rising Stars 2025: भारतीय टीम ने ओमान को हराकर कमाल कर दिया है। ACC मेन्स एशिया कप 2025 के 10वें मुकाबले में इंडिया-ए ने ओमान को 6 विकेट से धूल चटाते हुए टूर्नामेंट में दूसरी जीत दर्ज की। इस जीत के साथ ही इंडिया-ए ने सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। इंडिया-ए टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंचने वाली तीसरी टीम है। इससे पहले पाकिस्तान सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बनी थी। पाकिस्तान-ए ने 16 नवंबर को इंडिया-ए को हराकर सेमीफाइनल का टिकट हासिल किया था। वहीं, बांग्लादेश-ए ने 17 नवंबर को अफगानिस्तान को हराते हुए अपनी दूसरी जीत दर्ज की और सेमीफाइनल में प्रवेश किया। अब तक 4 में से 3 सेमीफाइनलिस्ट टीमें तय हो चुकी हैं। अब सिर्फ एक टीम का फैसला होना बाकी है। 19 नवंबर को चौथी सेमीफाइनलिस्ट टीम भी तय हो जाएगी। 

हर्ष दुबे ने जड़ा शानदार अर्धशतक

ओमान के खिलाफ भारतीय टीम जीत के हीरो रहे हर्ष दुबे, जिन्होंने शानदार अर्धशतक जड़ा। हर्ष को नमन धीर और नेहाल वढेरा का भी बखूबी साथ मिला। नमन धीर ने 19 गेंदों पर 2 चौके और 2 छक्कों की मदद से ताबड़तोड़ 30 रन बनाए जबकि नेहाल वढेरा ने 23 रनों का योगदान दिया। 

इससे पहले टॉस जीतकर इंडिया-ए ने ओमान को बल्लेबाजी करने का न्यौता दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए ओमान की टीम ने वसीम अली के नाबाद अर्धशतक की बदौलत 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 135 रन स्कोरबोर्ड पर लगाए। वसीम अली अपनी अर्धशतकीय पारी में 45 गेंदों का सामना किया और 5 चौके व 1 छक्का लगाया। भारत की ओर से स्पिनर सुयश शर्मा और गुरजापनीत सिंह ने 2-2 विकेट चटकाए।

ओमान के गेंदबाज रहे बेअसर

ओमान के 135 रनों के जवाब में इंडिया-ए का आगाज बेहद खराब रहा। भारतीय सलामी जोड़ी प्रियांश आर्य और वैभव सूर्यवंशी सस्ते में आउट होकर पवेलियन लौटे। वैभव सिर्फ 12 रन बनाकर आउट हुए जबकि प्रियांश ने 10 रन बनाए। इसके बाद हर्ष दुबे ने मोर्चा संभालते हुए 17.5 ओवर में भारतीय टीम को लक्ष्य तक पहुंचा दिया। हर्ष दुबे ने 44 गेंदों का सामना किया और 7 चौके व 1 छक्के की मदद से नाबाद 53 रनों की पारी खेली। शफीक जान, जय ओडेद्रा, आर्यन बिष्ट और समय श्रीवास्तव को 1-1 सफलता मिली।

एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2025 के सेमीफाइनल और फाइनल का शेड्यूल

21 नवंबर

  • पहला सेमीफाइनल (A1 vs B2), 3 PM 
  • दूसरा सेमीफाइनल (B1 vs A2), 8 PM

23 नवंबर: फाइनल (8 PM)

यह भी पढ़ें:

इस देश ने टाल दिया भारत का दौरा, वनडे और टी20 इंटरनेशनल मैचों की होनी थी सीरीज

एशेज से पहले एंडरसन ने इंग्लैंड के गेंदबाजों को चेताया, कहा- सिर्फ रफ्तार से काम नहीं चलेगा

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल