1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IND-C vs AUS-C WCL: युवराज-यूसुफ की तूफानी बल्लेबाजी, इंडिया चैंपियंस का फाइनल में होगा आज पाकिस्तान से सामना

IND-C vs AUS-C WCL: युवराज-यूसुफ की तूफानी बल्लेबाजी, इंडिया चैंपियंस का फाइनल में होगा आज पाकिस्तान से सामना

 Written By: Abhishek Pandey
 Published : Jul 13, 2024 06:52 am IST,  Updated : Jul 13, 2024 06:59 am IST

IND-C vs AUS-C: वर्ल्ड चैंपियंस ऑफ लीजेंड्स लीग 2024 में युवराज सिंह की कप्तानी में खेल रही इंडिया चैंपियंस की टीम ने सेमीफाइनल मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस की टीम को 86 रनों से मात देने के साथ फाइनल के लिए अपनी जगह पक्की कर ली है, जहां उनका मुकाबला अब पाकिस्तान चैंपियंस टीम से होगा।

IND-C vs AUS-C Match Report- India TV Hindi
इंडिया चैंपियंस ने ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस की टीम को 86 रनों से मात देने के साथ फाइनल में पक्की की अपनी जगह। Image Source : WCL/X

IND-C vs AUS-C Semifinal Match Report WCL 2024: युवराज सिंह की कप्तानी में इंडिया चैंपियंस की टीम ने वर्ल्ड चैंपियंस ऑफ लीजेंड्स 2024 लीग में ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले में 86 रनों से जीत दर्ज करने के साथ फाइनल में अपनी जगह को पक्का कर लिया है। नॉर्थेम्प्टन के काउंटी ग्राउंड में खेले गए डब्ल्यूसीएल 2024 के दूसरे सेमीफाइनल मैच में इंडिया चैंपियंस की टीम को पहले बल्लेबाजी करने का मौका मिला था जिसमें उन्होंने 20 ओवर्स में 6 विकेट के नुकसान पर 254 रनों का बड़ा स्कोर बना दिया। इसमें कप्तान युवराज सिंह के अलावा रॉबिन उथप्पा, यूसुफ और इरफान पठान के बल्ले का कमाल देखने को मिला। वहीं टारगेट का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस की टीम 20 ओवर्स में सिर्फ 168 रनों के स्कोर तक ही पहुंचने में कामयाब हो सकी।

युवराज और उथप्पा ने शुरू की तूफानी बल्लेबाजी, पठान बंधुओं ने पहुंचाया अंजाम तक

इंडिया चैंपियंस की टीम इस मैच में टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी। रॉबिन उथप्पा और अंबाती रायडू की ओपनिंग जोड़ी सिर्फ 32 रन ही जोड़ने में कामयाब हो सकी। वहीं 56 के स्कोर पर इंडिया चैंपियंस की टीम को दूसरा झटका सुरेश रैना के रूप में लगा। यहां से उथप्पा को कप्तान युवराज सिंह का साथ मिला और दोनों ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करने शुरू किया। उथप्पा के बल्ले से 35 गेंदों में 6 चौके और 4 छक्कों की मदद से 65 रनों की पारी देखने को मिली तो वहीं युवराज सिंह ने पुराने दिनों की याद दिलाते हुए 200 से अधिक के स्ट्राइक रेट के साथ 28 गेंदों में 59 रनों की पारी खेल दी।

रॉबिन उथप्पा और युवराज सिंह के पवेलियन लौटने के बाद यूसुफ और इरफान ने मिलकर ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस टीम के गेंदबाजों को राहत की सांस लेने का मौका भी नहीं दिया। यूसुफ ने जहां 23 गेंदों में 51 रनों की नाबाद पारी खेली तो वहीं इफान पठान के बल्ले से सिर्फ 19 गेंदों में 250 से अधिक के स्ट्राइक रेट के साथ 50 रनों की पारी निकली। इंडिया चैंपियंस की टीम ने स्कोर बोर्ड पर इन चारों बल्लेबाजों की शानदार पारियों के दम पर 254 रनों का बड़ा स्कोर बना दिया।

गेंदबाजी में नेगी और कुलकर्णी ने दिखाया कमाल

ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस की टीम जब 255 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी तो उसकी शुरुआत बेहद ही खराब देखने को मिली जिसमें उन्होंने तीन के स्कोर पर ही अपना पहला विकेट गंवा दिया। वहीं इसके बाद लगातार अंतराल में उनके विकेट गिरते हुए देखने को मिले 80 के स्कोर तक आधी टीम पवेलियन लौट चुकी थी। टिम पेन ने जरूर 40 रनों की पारी खेली लेकिन वह भी ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस टीम को इस बड़ी हार से सेमीफाइनल मैच में नहीं बचा सके। इंडिया चैंपियंस की तरफ से गेंदबाजी में पवन नेगी और धवल कुलकर्णी ने 2-2 विकेट अपने नाम किए तो वहीं राहुल शुक्ला, इरफान पठान और हरभजन सिंह भी 1-1 विकेट लेने में कामयाब रहे।

ये भी पढ़ें

फैंस के लिए हुआ बड़ा ऐलान, IND vs PAK मैच के लिए मिलेगी फ्री में एंट्री; इस तारीख को होगा मुकाबला

1934 के बाद टेस्ट क्रिकेट में पहली बार हुआ ऐसा, इस घातक बॉलर ने बनाया ऐतिहासिक रिकॉर्ड

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल