1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. इंग्लैंड दौरे से पहले चोटिल हुए 2 भारतीय खिलाड़ी, BCCI ने किया रिप्लेसमेंट का ऐलान

इंग्लैंड दौरे से पहले चोटिल हुए 2 भारतीय खिलाड़ी, BCCI ने किया रिप्लेसमेंट का ऐलान

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Jun 16, 2025 05:02 pm IST,  Updated : Jun 16, 2025 05:13 pm IST

इंग्लैंड दौरे से पहले भारतीय अंडर-19 टीम के 2 खिलाड़ी चोटिल हो गए हैं। भारतीय टीम के इंग्लैंड दौरे का आगाज 24 जून से होगा।

ICC U19 Cricket Team- India TV Hindi
आयुष म्हात्रे Image Source : PTI

एक तरफ जहां भारतीय टेस्ट टीम का 20 जून से इंग्लैंड दौरे का आगाज होगा तो वहीं भारतीय अंडर-19 टीम इंग्लैंड दौरे पर 24 जून को अपना पहला मैच खेलेगी। इस दौरे से पहले भारतीय अंडर-19 टीम को बड़ा झटका लगा है टीम के 2 खिलाड़ी चोटिल हो गए हैं। ये खिलाड़ी हैं आदित्य राणा और खिलन पटेल। दोनों खिलाड़ी इंग्लैंड दौरे से बाहर हो गए हैं और उनके रिप्लेसमेंट का ऐलान कर दिया गया है। जूनियर क्रिकेट समिति ने आगामी भारत अंडर-19 इंग्लैंड दौरे के लिए आदित्य राणा और खिलन पटेल की जगह डी दीपेश और नमन पुष्पक को टीम में शामिल किया है। दीपेश और नमन दोनों ही दौरे के लिए स्टैंडबाय खिलाड़ियों की सूची में शामिल थे।

आदित्य को BCCI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में चल रहे हाई परफॉर्मेंस कैंप के दौरान पीठ के निचले हिस्से में स्ट्रेस फ्रैक्चर हुआ था, जबकि खिलन को दाहिने पैर में दिक्कत है। ऐसे में BCCI को दोनों खिलाड़ियों के रिप्लेसमेंट का ऐलान करना पड़ा है। 

आयुष म्हात्रे टीम के कप्तान

इंग्लैंड दौरे के लिए BCCI ने 22 मई को ही भारतीय अंडर-19 टीम की घोषणा कर दी थी। टीम की कमान आयुष म्हात्रे को सौंपी गई जबकि IPL 2025 में बल्ले से तहलका मचाने वाले वैभव सूर्यवंशी को भी टीम में शामिल किया गया था। अब दौरे के आगाज से कुछ दिन पहले टीम में बदलाव किया गया है। भारत के गेंदबाजी आक्रमण में प्रणव राघवेंद्र जैसे गेंदबाज शामिल हैं, जिन्होंने बेंगलुरु में एनसीए कैंप के दौरान 147 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी करके सुर्खियां बटोरीं थी। दूसरी ओर, इंग्लैंड लायंस ने भी एक मजबूत टीम का चयन किया है, जिसमें इंग्लैंड के पूर्व स्टार एंड्रयू फ्लिंटॉफ के बेटे रॉकी फ्लिंटॉफ भी शामिल हैं।

भारतीय अंडर-19 टीम का इंग्लैंड दौरा

  • 24-जून: 50-ओवर वार्म-अप (लॉफबोरो यूनिवर्सिटी)
  • 27-जून: पहला वन डे (होव)
  • 30-जून: दूसरा वन डे (नॉर्थम्प्टन)
  • 02-जुलाई: तीसरा वन डे (नॉर्थम्प्टन)
  • 05-जुलाई: चौथा वन डे (वॉर्सेस्टर)
  • 07-जुलाई: पांचवां वन डे (वॉर्सेस्टर)
  • 12-15 जुलाई: पहला मल्टी डे (बेकेनहम)
  • 20-23 जुलाई: दूसरा मल्टी डे (चेम्सफोर्ड)

अपडेटेड भारतीय U19 टीम: आयुष म्हात्रे (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, विहान मल्होत्रा, मौल्यराजसिंह चावड़ा, राहुल कुमार, अभिज्ञान कुंडू (उप-कप्तान और विकेटकीपर), हरवंश सिंह (विकेटकीपर), आरएस अंबरीश, कनिष्क चौहान, हेनिल पटेल, युधाजीत गुहा, प्रणव राघवेंद्र, मोहम्मद एनान, अनमोलजीत सिंह, डी दीपेश, नमन पुष्पक।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल