IND vs AFG One-Off Test: भारत और अफगानिस्तान के बीच एकमात्र टेस्ट मैच खेला गया। इस मुकाबले को टीम इंडिया ने एक पारी और 300 रनों के अंतर से हरा दिया।टेस्ट मैच के तीसरे दिन अफगानिस्तान की पहली पारी 152 रनों पर ढेर हो गई है। इस तरह भारत ने 412 रनों की बढ़त पहली पारी में हासिल करने के बाद अफगानिस्तान को फॉलोआन दे दिया। दूसरी पारी में अफगानिस्तान के बल्लेबाज कुछ खास कमाल नहीं कर सके और 35.5 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 112 रन ही बना सके। इस पारी में अफगानी टीम के लिए शराफुद्दीन अशरफ बल्लेबाजी करने नहीं आए। भारत की ओर से मानव सुथार ने अपने पहले ही टेस्ट मैच में 7 विकेट लेने का कारनामा किया।
इससे पहले भारतीय टीम ने एकमात्र टेस्ट के दूसरे दिन 564/8 रन के स्कोर पर अपनी पारी घोषित की। कप्तान शुभमन गिल ने 126 रन बनाए, जबकि केएल राहुल ने बेहतरीन शतक जड़ा। वाशिंगटन सुंदर ने नाबाद 52 रन बनाए। सुंदर के अर्धशतक पूरा करते ही कप्तान गिल ने पारी घोषित कर दी। भारत के विशाल स्कोर के जवाब में अफगानिस्तान की शुरुआत बेहद खराब रही। अब्दुल मलिक ने आक्रामक अंदाज में खेलने की कोशिश की, लेकिन मानव सुथार की शानदार टर्न होती गेंद पर वह बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में कैच दे बैठे। इसके बाद प्रसिद्ध कृष्णा ने सेदिकुल्लाह अटल को पवेलियन का रास्ता दिखाया। सुथार ने लगातार शानदार गेंदबाजी करते हुए अफगान बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा। उनकी कसी हुई गेंदबाजी का असर यह रहा कि रहमानुल्लाह गुरबाज भी स्लिप में कैच थमा बैठे। रहमत शाह और कप्तान हश्मतुल्लाह शाहिदी के बीच 36 रन की साझेदारी ने थोड़ी उम्मीद जगाई, लेकिन प्रसिद्ध कृष्णा ने शाहिदी को LBW आउट कर भारत को बड़ी सफलता दिलाई। इसके बाद अफसर जजई भी मानव सुथार की गेंद पर आसान कैच देकर पवेलियन लौट गए।
IND vs AFG: टेस्ट मैच के लिए दोनों टीमों की प्लेइंग XI
भारत की प्लेइंग इलेवन: केएल राहुल, यशस्वी जयसवाल, साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल, वाशिंगटन सुंदर, मानव सुथार, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा
अफगानिस्तान की प्लेइंग इलेवन: सेदिकुल्लाह अटल, रहमानुल्लाह गुरबाज, अब्दुल मलिक, रहमत शाह, हशमतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), अफसर जजई (विकेटकीपर), अजमतुल्लाह उमरजई, शराफुद्दीन अशरफ, नांगेयालिया खारोटे, जियाउर रहमान शरीफी, मोहम्मद सलीम सफी