भारत और अफगानिस्तान के बीच होने वाली सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान कर दिया गया है। बीसीसीआई की सेलेक्शन कमेटी ने मंगलवार दोपहर बाद एक लंबी मीटिंग की और उसके बाद उन खिलाड़ियों के नाम बता दिए, जो इस सीरीज का हिस्सा होंगे। इस बीच टीम तो आपने देख ही ली होगी, लेकिन ये टेस्ट मैच कब खेला जाएगा और कहां खेला जाएगा, ये बात शायद आपको पता ना हो, तो ये भी हम आपको बताएंगे।
भारत और अफगानिस्तान के बीच टेस्ट मैच 6 जून से न्यू चंडीगढ़ में खेला जाएगा
टीम इंडिया अब जब इंटरनेशनल मैच के लिए मैदान में उतरेगी तो सीधे टेस्ट मैच खेलेगी। हालांकि ये एक ही टेस्ट होगा, इसके बाद वनडे मैच खेले जाएंगे। अफगानिस्तान की टीम भारत दौरे पर आ रही है। इसमें एक ही टेस्ट होगा, जो न्यू चंडीगढ़ में खेला जाएगा। मुकाबले की तारीख की बात की जाए तो वो 6 जून से शुरू होगा। अगर पूरे पांच दिन तक मैच चला तो ये 10 जून तक जाएगा। हालांकि इसकी उम्मीद कम है। इस दौरान एक ही मैच होगा और खास बात ये है कि ये विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का हिस्सा भी नहीं होगा, क्योंकि टॉप 9 टीमें ही इसका हिस्सा हैं। इसलिए इस मैच की हार जीत से डब्ल्यूटीसी की अंक तालिका पर कोई असर नहीं होगा। इसके बाद तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी।
शुभमन गिल कप्तान, ऋषभ पंत को हटाकर केएल राहुल को मिली उपकप्तानी
सीरीज के लिए एक बार फिर से शुभमन गिल को ही कप्तान बनाया गया है। लेकिन बड़ा बदलाव ये है कि ऋषभ पंत को कप्तानी से हटा दिया गया है, उनकी जगह ये जिम्मेदारी केएल राहुल को दी गई है। टीम में मानव सुथार, गुरनूर बराड़, हर्ष दुबे जैसे युवा खिलाड़ियों को मौका दिया गया है, जो डोमेस्टिक क्रिकेट में अच्छे खेल का प्रदर्शन कर रहे हैं। जसप्रीत बुमराह और रवींद्र जडेजा को आराम दिया गया है। भले ही भारतीय टीम अच्छी नजर आ रही हो, लेकिन अफगानिस्तान से उसका कड़ाकेदार मैच होगा। अभी अफगानिस्तान की ओर से टीम का ऐलान नहीं किया गया है। जिसके जल्द होने की उम्मीद है।
अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट के लिए टीम इंडिया का स्क्वाड: शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल (उप-कप्तान) साई सुदर्शन, ऋषभ पंत, देवदत्त पडिक्कल, नीतीश कुमार रेड्डी, वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, मानव सुथार, गुरनूर बराड़, हर्ष दुबे, ध्रुव जुरेल।
यह भी पढ़ें
ऑरेंज कैप की दौड़ में आ गया नया मोड़, वैभव सूर्यवंशी ने किया बड़ा धमाका
IPL Points Table: पूरी तरह से बदल गई अंक तालिका, पंजाब किंग्स टॉप 4 से बाहर, किसने मारी एंट्री