IND W vs AUS W 2nd ODI: ऑस्ट्रेलिया और भारतीय महिला टीम के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला होबार्ट के मैदान पर खेला गया, जिसमें ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम 5 विकेट से जीतने में कामयाब रही। इस मैच में भारतीय महिला टीम के कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने 50 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 251 रन बनाए थे। ऑस्ट्रेलिया महिला टीम इस टारगेट को 36.1 ओवर्स में सिर्फ 5 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया, जिसमें वह सीरीज में 2-0 की बढ़त भी लेने में कामयाब रही।
ऑस्ट्रेलिया महिला टीम की टारगेट का पीछा करते हुए शुरुआत अच्छी नहीं हुई थी, जिसमें उन्होंने 21 के स्कोर पर अपना पहला विकेट एलिसा हीली के रूप में गंवा दिया जो सिर्फ 6 रन ही बनाने में कामयाब हो सकी। इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरी जॉर्जिया वॉल ने फोएबे लिचफील्ड का बखूबी साथ दिया और दोनों के बीच में दूसरे विकेट के लिए 119 रनों की बेहतरीन साझेदारी देखने को मिली, जिसके चलते ये मुकाबला पूरी तरह से एकतरफा हो गया। फोएबे लिचफील्ड इस मुकाबले में 80 रनों की शानदार पारी खेलने में कामयाब रही, वहीं जॉर्जिया वॉल के बल्ले से 82 गेंदों में 101 रनों की बेहतरीन शतकीय पारी देखने को मिली। दूसरे वनडे मैच में टीम इंडिया के गेंदबाजों के प्रदर्शन को लेकर बात की जाए तो उसमें काश्वी गौतम और दीप्ति शर्मा ने जहां 2-2 विकेट हासिल किए तो वहीं क्रांति गौड़ एक विकेट लेने में कामयाब रही।
टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत इस मैच में काफी अच्छी रही थी, जिसमें पहले विकेट के लिए स्मृति मांधाना और प्रतिका रावल के बीच 78 रन की साझेदारी देखने को मिली थी। मांधाना ने 37 बॉल पर 4 चौके की मदद से 31 रन बनाए थे। उनका विकेट गिरने के बाद टीम इंडिया की पारी लड़खड़ा गई। प्रतिका रावल और हरमनप्रीत कौर ने इस मुकाबले में जरूर अर्धशतक लगाया। लेकिन उनके अलावा बाकी के बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर सके। रावल ने 81 गेंदों में 6 चौके की मदद से 52 रन बनाए। वहीं हरमनप्रीत ने कप्तानी पारी खेलते हुए 70 गेंदों में 54 रन बनाए। उन्होंने दो चौके और एक छक्का लगाया। इनके अलावा अमनजोत कौर ने 15, ऋचा घोष ने 22, काश्वी गौतम ने 25 और क्रांति गौड़ ने 19 रनों का योगदान दिया। ऑस्ट्रेलिया के लिए एश्ले गार्डनर, एनाबेल सदरलैंड और अलाना किंग ने 2-2 विकेट लिए।