1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड की उम्मीदों को लगा तगड़ा झटका, भारत-बांग्लादेश सीरीज पर संकट गहराया

बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड की उम्मीदों को लगा तगड़ा झटका, भारत-बांग्लादेश सीरीज पर संकट गहराया

 Written By: Vanson Soral
 Published : Aug 09, 2026 08:48 am IST,  Updated : Aug 09, 2026 08:48 am IST

भारत और बांग्लादेश के बीच होने वाली सीरीज पर संकट गहरा गया है। शेख हसीना के दिल्ली से हालिया वर्चुअल प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद दोनों देशों के बीच राजनीतिक तनाव बढ़ा है, जिससे सीरीज खतरे में पड़ गई है।

IND vs BAN- India TV Hindi
भारत-बांग्लादेश Image Source : AFP

भारत और बांग्लादेश के बीच सितंबर में प्रस्तावित व्हाइट-बॉल सीरीज अब मुश्किल में फंसती नजर आ रही है। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड भले ही आखिरी समय तक भारत की मेजबानी की उम्मीद लगाए बैठा हो, लेकिन दोनों देशों के बीच हालिया राजनीतिक तनाव ने इस सीरीज के आयोजन की संभावनाओं को काफी कमजोर कर दिया है।

बांग्लादेश में राजनीतिक घटनाक्रम के बीच पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना और उनकी पार्टी के कुछ सदस्यों को 5 अगस्त को दिल्ली से वर्चुअल प्रेस कॉन्फ्रेंस करने की अनुमति दिए जाने के बाद दोनों देशों के रिश्तों में एक बार फिर तल्खी देखने को मिली है। बांग्लादेश के गृह मंत्री सलाहुद्दीन अहमद ने 8 अगस्त को भारत पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर दिल्ली से शेख हसीना ऐसे बयान देती हैं, जो बांग्लादेश के लोकतंत्र को कमजोर करते हैं और देश में अस्थिरता पैदा करते हैं, तो भारत बांग्लादेश के साथ मैत्रीपूर्ण संबंधों की उम्मीद नहीं कर सकता।

बांग्लादेश के लिए बड़ा झटका

इस घटनाक्रम का असर क्रिकेट संबंधों पर भी पड़ता दिख रहा है। क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, BCB से जुड़े सूत्रों का मानना है कि हसीना की प्रेस कॉन्फ्रेंस भारत की मेजबानी की उसकी उम्मीदों के लिए बड़ा झटका साबित हुई है। बोर्ड के अधिकारी इस सीरीज को दोनों देशों के बीच तनावपूर्ण रिश्तों में क्रिकेट के जरिए फिर से गर्मजोशी लाने के मौके के तौर पर देख रहे थे।

बांग्लादेश ने इस साल की शुरुआत में सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए ICC T20 वर्ल्ड कप से हटने का फैसला किया था। हालांकि, उस समय घटनाक्रम के करीब रहे अधिकारियों ने दावा किया था कि टूर्नामेंट से हटने का फैसला वास्तव में तत्कालीन यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार के सीधे निर्देश पर लिया गया था और इसके पीछे राजनीतिक मतभेद ज्यादा बड़ी वजह थे। इसके बाद फरवरी में आम चुनाव में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी की जीत और यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार के हटने के बाद भारत-बांग्लादेश क्रिकेट संबंधों में सुधार की उम्मीद जगी थी। BCB के मौजूदा अध्यक्ष तमीम इकबाल भी भारत की मेजबानी सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास कर रहे थे।

सीरीज पर संकट के बादल

भारत जैसी बड़ी क्रिकेट टीम की मेजबानी करना किसी भी बोर्ड के लिए आर्थिक और व्यावसायिक रूप से बेहद फायदेमंद माना जाता है। भारतीय टीम की वैश्विक लोकप्रियता, ब्रांड वैल्यू और मैचों को मिलने वाली भारी दर्शक संख्या के कारण भारत का दौरा कराने की चाह लगभग हर क्रिकेट बोर्ड की होती है।लेकिन शेख हसीना की हालिया प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय की नाराजगी और गृह मंत्री के तीखे बयान ने स्थिति को और पेचीदा बना दिया है। ऐसे में सितंबर में भारत की मेजबानी करना फिलहाल बांग्लादेश के लिए दूर की कौड़ी नजर आ रहा है।

BCB के एक वरिष्ठ अधिकारी ने नाम जाहिर न करने की शर्त पर कहा कि हालिया घटनाक्रम के बाद उन्हें सीरीज को लेकर संदेह है। उन्होंने कहा कि हाल के घटनाक्रम के बाद मुझे सीरीज को लेकर संदेह है। अधिकारी ने यह भी कहा कि सीरीज को लेकर 28 अगस्त तक स्थिति स्पष्ट हो जानी चाहिए थी और अब समय तेजी से निकलता जा रहा है। उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि यह सीरीज तय कार्यक्रम के मुताबिक आगे बढ़ेगी। क्रिकेट बोर्ड की तरफ से हमने पूरी कोशिश की है, लेकिन इस समय मामला हमारे हाथ से बाहर है।

आधिकारिक ऐलान होना बाकी

हालांकि, जब तक सीरीज को आधिकारिक तौर पर रद्द नहीं किया जाता, BCB के पास फिलहाल उम्मीद लगाए रखने के अलावा कोई रास्ता नहीं है। ऐसे में भारत-बांग्लादेश क्रिकेट सीरीज का भविष्य अब दोनों देशों के राजनीतिक घटनाक्रम पर काफी हद तक निर्भर नजर आ रहा है।

यह भी पढ़ें:

न्यूजीलैंड के स्टार ऑलराउंडर की ETPL में एंट्री, जिमी नीशम ग्लासगो कॉस्मिक से जुड़े

मिचेल स्टार्क रचेंगे इतिहास, 5 विकेट लेते ही शेन वॉर्न और ग्लेन मैक्ग्रा के खास क्लब में होगी एंट्री

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल