साउथैम्पटन के रोज बाउल स्टेडियम में भारत और इंग्लैंड के बीच पांचवां टी20 मैच खेला गया, जिसे इंग्लैंड ने 56 रनों से अपने नाम किया। इस मैच में टीम इंडिया के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। इंग्लैंड की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 257 रन बनाए। जवाव में टीम इंडिया 20 ओवर बैटिंग करने के बाद 8 विकेट के नुकसान पर 201 रन बना सकी। इसके साथ ही इंग्लैंड ने इस सीरीज को 4-0 से अपने नाम किया। इस मुकाबले में इंग्लैंड के विकेटकीपर बल्लेबाज जोस बटलर ने सेंचुरी लगाई। उन्होंने 64 बॉल पर 131 रन की पारी खेली। वहीं हैरी ब्रूक 95 रन बनाकर नाबाद लौटे। भारत की तरफ से इस मैच में दो बल्लेबाजों ने अर्धशतक लगाया।
टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। दूसरे ही ओवर में प्रसिद्ध कृष्णा ने फिल साल्ट को पवेलियन भेज दिया। वह 6 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद दूसरे विकेट के लिए जोस बटलर और हैरी ब्रूक के बीच 233 रन की ऐतिहासिक साझेदारी हुई। बटलर ने जहां शतक लगाया वहीं ब्रूक 45 गेंदों पर चार चौकों और आठ छक्कों की मदद से 95 रन बनाकर नाबाद रहे। इंग्लैंड ने 20 ओवर में तीन विकेट पर 257 रन बनाए। भारत के खिलाफ टी20 में किसी टीम का यह सबसे बड़ा स्कोर है। इससे पहले यह रिकॉर्ड इंग्लैंड के ही नाम था जिसने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में भारत के खिलाफ सात विकेट पर 246 रन बनाए थे।
रन चेज में जब टीम इंडिया बल्लेबाजी करने आई तब अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन ने पहले विकेट के लिए 25 रन जोड़े। अभिषेक इस मैच में 5 बॉल पर 3 रन बनाकर आउट हुए। संजू सैमसन 14 बॉल पर 27 रन बनाकर आउट हुए। नंबर 3 पर बल्लेबाजी करने आए ईशान किशन ने इस मैच में टीम इंडिया के लिए सबसे ज्यादा रन बनाए। उन्होंने 7 चौके और दो छक्के की मदद से 35 बॉल पर 56 रन की पारी खेली। वहीं तिलक वर्मा ने 25 बॉल पर 53 रन की पारी खेली। अंत में टीम इंडिया 20 ओवर बैटिंग करने के बाद 8 विकेट के नुकसान पर 201 रन ही बना सकी। इंग्लैंड की तरफ से सैम करन ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए।
पांचवें टी20 मैच के लिए इंग्लैंड और भारत की प्लेइंग XI
भारत (प्लेइंग इलेवन): अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, सूर्यांश शेडगे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, प्रसिद्ध कृष्णा
इंग्लैंड (प्लेइंग इलेवन): फिल साल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), हैरी ब्रुक (कप्तान), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, सैम करन, विल जैक्स, लियम डॉसन, जोफ्रा आर्चर, आदिल रशीद, जोश टंग