Rishabh Pant in Birmingham: ऋषभ पंत इस बात से जरूर खुश होंगे कि लीड्स टेस्ट की दोनों पारियों में उन्होंने शतक लगाया, लेकिन इस बात से निराश भी होंगे कि इसके बाद भी वे अपनी टीम को जीत दिलाने में कामयाब नहीं हो पाए। मजे की बात ये है कि जब भी ऋषभ पंत ने भारत के लिए शतक लगाया है, कभी भी टीम इंडिया जीती नहीं है। ये तो पुरानी बातें हैं। लेकिन नई बात करें तो बर्मिंघम में एक और शतक आ सकता है। बर्मिघम का मैदान पंत को खूब रास आता है। उन्होंने यहां अब तक एक ही टेस्ट खेलकर जमकर रन ठोके हैं।
बर्मिंघम में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज हैं विराट कोहली
बर्मिंघम में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाजी की बात की जाए तो वे विराट कोहली हैं। उन्होंने बर्मिंघम में दो मैचों की चार पारियों में 231 रन बनाने का काम किया है। इसमें एक शतक और एक अर्धशतक शामिल है। इसके बाद नाम आता है सुनील गावस्कर का। उन्होंने इस मैदान पर तीन मैच खेलकर 216 रन बनाने का काम किया है। उनके नाम शतक तो नहीं है, लेकिन तीन अर्धशतक जरूर उन्होंने यहां लगाए हैं।
ऋषभ पंत ने एक ही मैच में ठोक दिए थे 200 से ज्यादा रन
इसके बाद नाम आता है ऋषभ पंत का। पंत ने बर्मिघम में अब तक केवल एक ही मैच खेला है, लेकिन इस दौरान 203 रन बना दिए हैं। उन्होंने इस मैदान पर एक शतक और एक अर्धशतक आया है। उनका औसत और स्ट्राइक रेट भी कमाल का है। बर्मिंघम का मैदान पहले की ही तरह से अगर पंत को रास आ गया तो इससे बेहतर और क्या होगा। पिछले ही मैच में दो शतक लगाकर उन्होंने अपने फार्म के बारे में तो बता ही दिया है।
इस बार टीम को जीत दिलाना होगा पहला लक्ष्य
इस बार ऋषभ पंत का लक्ष्य केवल शतक लगाना नहीं होना चाहिए। ये काम तो वे कई बार कर चुके हैं। इस बार वे शतक लगाकर अपनी टीम को जीत भी दिलाना चाहेंगे। वैसे केवल पंत को ही नहीं, पूरी टीम इंडिया को जीत के लिए खेलना होगा। टीम इंडिया पहले ही सीरीज में एक मैच हारकर पीछे चल रही है। अगर दूसरा मैच भी हारे तो फिर मुश्किलें और भी बढ़ जाएंगी।