भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मुकाबले का रोमांच कभी फीका नहीं पड़ता। चाहे इंटरनेशनल क्रिकेट हो या फिर दिग्गज खिलाड़ियों की लीग, जब भी दोनों टीमें आमने-सामने आती हैं तो करोड़ों फैंस की नजरें उसी मुकाबले पर टिक जाती हैं। अब एक बार फिर यही हाई-वोल्टेज मुकाबला एशियन लीजेंड्स लीग 2026 में हो रहा है, जहां दोनों देशों के पूर्व स्टार खिलाड़ी आमने-सामने हैं। जाम्बिया में खेली जा रही एशियन लीजेंड्स लीग के छठे मुकाबले में इंडियन रॉयल्स का सामना पाकिस्तान पैंथर्स से हो रहा है। भारतीय टीम के कप्तान नमन ओझा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है।
भारतीय टीम ने टूर्नामेंट की शानदार शुरुआत करते हुए अपने पहले मैच में बांग्लादेश टाइगर्स को 19 रन से हराया था। दूसरी ओर पाकिस्तान पैंथर्स को अपने पहले मुकाबले में एशियन स्टार्स के हाथों 85 रन की बड़ी हार झेलनी पड़ी। ऐसे में पाकिस्तान के लिए यह मुकाबला जीतना बेहद अहम होगा, जबकि भारत लगातार दूसरी जीत दर्ज कर सेमीफाइनल की दौड़ में अपनी स्थिति और मजबूत करना चाहेगा।
एशियन लीजेंड्स लीग का यह दूसरा सीजन है। टूर्नामेंट की शुरुआत 30 जुलाई से हुई है, जबकि फाइनल मुकाबला 10 अगस्त को खेला जाएगा। पिछले सीजन में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल तक का सफर तय किया था, लेकिन खिताबी मुकाबले में एशियन स्टार्स से हारने के कारण उसे उपविजेता बनकर संतोष करना पड़ा था। इस बार टूर्नामेंट में कुल 19 मैच खेले जाएंगे और भारत-पाकिस्तान मुकाबले को सबसे बड़ा आकर्षण माना जा रहा है।
दोनों टीमें इस प्रकार हैं:
इंडियन रॉयल्स: शिखर धवन, सुरेश रैना, अंबाती रायुडू, फैज फजल, यूसुफ पठान, स्टुअर्ट बिन्नी, ऋषि धवन, पवन नेगी, नमन ओझा, दिनेश कार्तिक, हरभजन सिंह, शाहबाज नदीम, सुदीप त्यागी, अनुरीत सिंह, मनप्रीत गोनी, शादाब जकाती।
पाकिस्तान पैंथर्स: शरजील खान, उमर अकमल, समी असलम, इमरान नजीर, मोहम्मद हफीज, शोएब मलिक, कामरान अकमल, अब्दुर रहमान, यासिर शाह, सोहेल तनवीर, नावेद-उल-हसन, मोहम्मद इरफान, राहत अली, राणा नईम अनवर, वहाब रियाज, सईद अजमल।