गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में भारत और साउथ अफ्रीका के बीच टेस्ट सीरीज का दूसरा मैच खेला जा रहा है। इस टेस्ट मैच में साउथ अफ्रीका ने पहली पारी में 489 रन बनाए। जवाब में टीम इंडिया के बल्लेबाजों का प्रदर्शन पहली पारी में बेहद निराशाजनक रहा है। यशस्वी जायसवाल को छोड़कर अभी तक कोई भी बल्लेबाज पहली पारी में क्रीज पर टिक कर बैटिंग नहीं कर पाया है। पहली पारी में भारतीय बल्लेबाजों ने जिस तरह से अपना विकेट गंवाया है उसको देखकर ऐसा लग रहा है कि सभी बैट्समैन आउट होने के अलग-अलग तरीके ढूंढ रहे हैं।
भारत की पहली पारी के दौरान जिस बल्लेबाज ने सबसे अजीब तरीके से अपना विकेट गंवाया वो रवींद्र जडेजा थे। जडेजा पारी के 44वें ओवर में आउट हुए। ओवर की तीसरी गेंद येनसेन ने शॉर्ट ऑफ लेंथ डाली थी। यह गेंद पहले जडेजा के कंधे पर लगी, इसके बाद वह बल्ले का बाहरी किनारा लेते हुए दूसरे स्लिप में खड़े एडन मार्करम के हाथों में गई और उन्होंने वहां एक आसान कैच पकड़ा। हालांकि पहली बार में अंपायर ने इसे आउट नहीं दिया था, उसके बाद साउथ अफ्रीकी टीम ने रिव्यू लिया। रिप्ले देखने के बाद ऑन फिल्ड अंपायर को फैसला बदलना पड़ा।
रवींद्र जडेजा की बात करें तो यह टेस्ट मैच अभी तक उनके लिए उतना अच्छा नहीं रहा है। गेंदबाजी में जडेजा ने 28 ओवर में 94 रन खर्च करते हुए दो विकेट अपने नाम किए। वहीं जब बल्लेबाजी की बारी आई तो वहां भी जडेजा का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा। वह पहली पारी में 18 गेंदों में सिर्फ 6 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। अब जडेजा दूसरी पारी में बल्ले से कैसा प्रदर्शन करते हैं ये देखना दिलचस्प होगा।
गुवाहाटी टेस्ट मैच की बात करें तो वहां साउथ अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए साउथ अफ्रीका की टीम 489 रन बनाकर ऑलआउट हो गई थी। साउथ अफ्रीका के लिए इस मैच में सेनुरन मुथुसामी ने शानदार शतक लगाया था। वह 109 रन बनाकर आउट हुए थे। जवाब में टीम इंडिया के बल्लेबाजों का प्रदर्शन पहली पारी में बेहद खराब रहा है। 51 ओवर के खत्म होने तक टीम इंडिया ने पहली पारी में 141 रन के स्कोर तक 7 विकेट गंवा दिए हैं।
यह भी पढ़ें
Ashes 2025: दूसरे टेस्ट मैच से बाहर हुआ घातक गेंदबाज, कप्तान की वापसी पर आया बड़ा अपडेट
टेस्ट मैच के लिए हुआ स्क्वॉड का ऐलान, 2 साल बाद हुई धाकड़ गेंदबाज की वापसी
संपादक की पसंद