कोलंबो में भारत और श्रीलंका के बीच खेले जा रहे दूसरे टेस्ट में टीम इंडिया ने मैच पर मजबूत पकड़ बना ली है। तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक श्रीलंका ने 8 विकेट के नुकसान पर 265 रन बना लिए हैं। श्रीलंका अभी भी 238 रन पीछे हैं। श्रीलंका की तरफ से सोनल दिनुशा 85 और लाहिरू कुमारा 8 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। अब चौथे दिन भारतीय गेंदबाज जल्द से जल्द श्रीलंका को ऑलआउट करना चाहेंगे।
भारत ने दूसरे दिन ध्रुव जुरेल के शानदार नाबाद शतक की बदौलत बड़ा स्कोर खड़ा किया। जुरेल ने 177 गेंदों पर 115 रन की पारी खेली और प्रसिद्ध कृष्णा के साथ नाबाद लौटे। इससे पहले देवदत्त पडिक्कल ने भी 117 रन की बेहतरीन पारी खेलकर लगातार दूसरे टेस्ट में शतक जड़ा। कप्तान शुभमन गिल ने भी अर्धशतक लगाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
दिन की शुरुआत में भारत को सरांश जैन के रूप में झटका लगा, लेकिन इसके बाद ऋषभ पंत चोट के बावजूद बल्लेबाजी के लिए उतरे। पहले दिन कलाई में चोट लगने के बावजूद पंत ने 63 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। उन्होंने जुरेल के साथ सातवें विकेट के लिए 112 रन की साझेदारी की, जिसने भारत को 500 रन के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
भारत ने 503/9 पर पारी घोषित करने के बाद श्रीलंका को बल्लेबाजी का मौका दिया। मेजबान टीम की शुरुआत बेहद खराब रही और दूसरे ओवर में ही लाहिरू उदारा अपना विकेट गंवा बैठे। दिन की आखिरी गेंद पर प्रबाथ जयसूर्या भी आउट हो गए। इस तरह श्रीलंका ने सिर्फ 8 रन पर दो विकेट गंवा दिए और उसे पहली पारी में अभी 495 रन पीछे है।
हालांकि बारिश ने दूसरे दिन भी मुकाबले का मजा खराब किया। चाय से ठीक पहले कोलंबो में तेज बारिश शुरू हो गई थी, जिसके कारण करीब दो घंटे से ज्यादा समय तक खेल रुका रहा। मंगलवार को भी मौसम भारत के लिए बड़ी चिंता बना हुआ है। एक्यूवेदर के मुताबिक, बारिश की संभावना 92 प्रतिशत तक है। सुबह आसमान में बादल छाए रहने के साथ कुछ बारिश और दोपहर में भी बारिश की संभावना जताई गई है। भारत इस दो टेस्ट मैचों की सीरीज में पहले ही 1-0 से आगे है। टीम इंडिया की कोशिश तीसरे दिन श्रीलंका के बाकी बल्लेबाजों को जल्द आउट कर बड़ी बढ़त हासिल करने की होगी। अगर मौसम ने साथ दिया, तो भारत के पास मैच के साथ-साथ सीरीज में 2-0 से क्लीन स्वीप करने का भी मजबूत मौका है।