गॉल टेस्ट में टीम इंडिया और श्रीलंका का आमना-सामना हुआ। इस मैच का नतीजा आखिरी दिन के दूसरे सेशन में जाकर निकला। भारतीय टीम ने श्रीलंका को 165 रनों से मात देते हुए 2 मैचों की टेस्ट सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है। टीम इंडिया ने 372 रनों का बड़ा लक्ष्य रखा था। इसके जवाब में श्रीलंका की टीम महज 206 रनों पर ढेर हो गई। भारत की ओर से दूसरी पारी में मानव सुथार ने 6 विकेट चटकाए। वहीं, प्रसिद्ध कृष्णा ने 2 विकेट अपने नाम किए। लंका की ओर से दूसरी पारी में सोनल दिनुशा ने 84 रनों की पारी खेली। गॉल टेस्ट के 5वें दिन लंका ने 6 विकेट खोए।
इससे पहले चौथे दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने श्रीलंका के चार विकेट झटके थे। 372 रन के मुश्किल लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत अच्छी नहीं रही। बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार ने एक बार फिर अपनी गेंदबाजी का जलवा दिखाते हुए दो अहम विकेट हासिल किए। वहीं तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा को भी एक-एक सफलता मिली। आखिरी दिन मानव सुथार ने कमाल की गेंदबाजी की और 6 विकेट अपने खाते में किए।
इससे पहले भारत ने अपनी दूसरी पारी में 193 रन बनाए थे और श्रीलंका के सामने 372 रन का लक्ष्य रखा। भारतीय टीम को यह मजबूत बढ़त पहली पारी की शानदार गेंदबाजी के दम पर मिली थी। श्रीलंका की पहली पारी 284 रन पर खत्म हुई थी, जिसमें मानव सुथार ने चार विकेट लेकर अहम भूमिका निभाई थी। अनुभवी ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने भी उनका शानदार साथ दिया और तीन विकेट अपने नाम किए।इसके बाद भारत ने दूसरी पारी में 193 रन बनाकर श्रीलंका के सामने बड़ा लक्ष्य रखा। गॉल की पिच जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ा, गेंदबाजों के लिए मददगार होती गई और भारतीय स्पिनरों ने इसका पूरा फायदा उठाया और श्रीलंका को 206 रन पर समेटते हुए मैच अपने नाम कर लिया।