1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. एशिया कप: ऐसी हो सकती है टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन, इस खिलाड़ी पर सस्पेंस

एशिया कप: ऐसी हो सकती है टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन, इस खिलाड़ी पर सस्पेंस

 Published : Sep 08, 2025 09:53 pm IST,  Updated : Sep 08, 2025 09:53 pm IST

IND vs UAE: टीम इंडिया जब 10 सितंबर को यूएई के खिलाफ खेलने के लिए उतरेगी तो उसकी प्लेइंग इलेवन क्या होगी, इसको लेकर इस वक्त सबसे ज्यादा चर्चा हो रही है।

suryakumar yadav and sanju samson- India TV Hindi
सूर्यकुमार यादव और संजू सैमसन Image Source : GETTY

India vs UAE: जिस ​बेसब्री से एशिया कप का इंतजार इस वक्त किया जा रहा है, उसी बेचैनी से ये भी समझने की कोशिश हो रही है कि टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन पहले मैच में क्या होगी। एशिया कप में भारत और पाकिस्तान के बीच हाई वोल्टेज मुकाबला 14 सितंबर को खेला जाएगा, लेकिन इससे पहले भारतीय टीम के पास मौका होगा कि वे 10 सितंबर को यूएई से खेलकर अपनी तैयारियों को एक बार अच्छे से परख ले। तो चलिए ये जानने की कोशिश करते हैं कि पहले मैच में टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन क्या हो सकती है। खास तौर पर एक खिलाड़ी को लेकर जबरदस्त सस्पेंस बना हुआ है। 

ओपनिंग के लिए अभिषेक शर्मा का नाम पूरी तरह से पक्का

भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव पहले मैच के लिए जब प्लेइंग इलेवन बनाने बैठेंगे तो इसमें सबसे पहला नाम वे बिना किसी हिचक के अभिषेक शर्मा का लिख ही देंगे, इसमें ज्यादा शक की बात नहीं होनी चाहिए। लेकिन अगला नाम लिखने से पहले उन्हें काफी सोचना पड़ेगा। दरअसल ओपनिंग के लिए उनका जोड़ीदार कौन होगा, ये अहम सवाल है। वैसे तो संजू सैमसन इस बार गजब की बल्लेबाजी कर रहे हैं, वे इसके लिए तगड़े और सबसे अहम दावेदार हैं, लेकिन अभी तक यही माना जा रहा है कि इस जंग को शुभमन गिल जीत जाएंगे। गिल टीम के उपकप्तान भी हैं और इस वक्त अच्छे फार्म में भी नजर आ रहे हैं। यानी भारत की ओपनिंग जोड़ी अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल हो सकते हैं। सबसे ज्यादा सस्पेंस संजू सैमसन को लेकर ही है। 

तीसरे पर तिलक, नंबर चार पर सूर्यकुमार यादव का आएगा चांस

वैसे तो संजू सैमसन तीसरे नंबर पर भी खेल सकते हैं, लेकिन यहां पर तिलक वर्मा ने अपनी पकड़ काफी मजबूत बना रखी है। यानी यहां संजू का ज्यादा चांस नहीं दिखता। इसके बाद नंबर चार पर खुद कप्तान सूर्यकुमार यादव खेलते हुए नजर आ सकते हैं। नंबर पांच पर हार्दिक पांड्या का भी नाम आपको नजर आ जाएगा। वे इस बार बिल्कुल नए लुक में एशिया कप के मैदान में उतरने की पूरी तैयारी कर चुके हैं। इसके बाद फिनिशर के रूप में कप्तान सूर्या रिंकू सिंह और जितेश शर्मा पर भरोसा जता सकते हैं। जितेश शर्मा जहां कीपिंग की अतिरिक्त जिम्मेदारी संभाल सकते हैं, वहीं रिंकू सिंह को सकता है कि स्पिन गेंदबाजी में भी मदद करते हुए दिखाई दें। 

ऐसी हो सकती है टीम इंडिया की गेंदबाजी यूनिट

इन सात बल्लेबाजों के बाद हो सकता है कि भारतीय ​थिंक टैंक चार गेंदबाजों को उतारे। इसमें जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह तेज गेंदबाजी की भूमिका अदा करेंगे, वहीं वरुण चक्रवर्ती और कुलदीप यादव की जिम्मेदारी स्पिन से विरोधी बल्लेबाजों को नचाने की होगी। हार्दिक पांड्या बीच बीच में आकर अपनी मिडियम पेस से बल्लेबाजों को गच्चा देने की क्षमता रखते ही हैं। अगर कप्तान सूर्या इस प्लेइंग इलेवन को उतारते हैं तो ये एक परफेक्ट टीम होगी। लेकिन अब कप्तान क्या सोच रहे हैं, ये अभी समझ पाना मुश्किल है। सारे पत्ते तो तभी खुलेंगे, जब 10 सितंबर शाम साढ़े सात बजे टॉस हो जाएगा। 

भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन: अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या, रिंकू सिंह, जितेश शर्मा, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल