महिला वर्ल्ड कप 2025 का आयोजन भारत और श्रीलंका की धरती पर होना है और इस बड़े टूर्नामेंट का पहला मुकाबला 30 सितंबर को खेला जाना है, लेकिन इसके पहले ही टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वाली सभी 8 टीमें प्रैक्टिस मैच खेल रही हैं। भारतीय महिला टीम को इंग्लैंड के खिलाफ प्रैक्टिस मैच में 153 रनों से हार का मुंह देखना पड़ा। इस मैच में भारतीय टीम की बल्लेबाज अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाईं और बुरी तरह से फ्लॉप साबित हुईं। खास बात ये रही कि महिला वर्ल्ड कप 2025 के लिए भारतीय टीम की कमान हरमनप्रीत कौर को मिली है और वह प्रैक्टिस मैच में बैटिंग करने के लिए नहीं आईं।
इंग्लैंड महिला टीम ने बनाया 340 रनों का स्कोर
प्रैक्टिस मैच में इंग्लैंड महिला टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवर्स में कुल 340 रन बनाए। टीम के लिए नेट सेवियर ब्रंट ने 102 रन बनाए। इसके बाद एम्मा लैंब ने 60 गेंदों में 84 रन बनाए, जिसमें 12 चौके लगाए। इसके अलावा एमी जोंस ने 39 रन बनाए। इन प्लेयर्स की वजह से ही इंग्लैंड की टीम बड़ा स्कोर बना पाई।
भारतीय बल्लेबाजों ने किया खराब प्रदर्शन
फिर बाद में जब टारगेट चेज करने की बारी आई, तो भारतीय महिला टीम ने बहुत ही खराब प्रदर्शन किया। भारत की तरफ से शुरुआत अच्छी नहीं रही। जब हरलीन देओल सिर्फ पांच रन बनाकर आउट हो गईं। इसके बाद उमा छेत्री और जेमिमा रोड्रिगेज ने कुछ देर क्रीज पर टिकने की कोशिश की। लेकिन इन दोनों प्लेयर्स के आउट होते ही भारतीय बल्लेबाजी बिखर गई। ऋचा घोष ने 23 गेंदों में 21 रन बनाए और दीप्ति शर्मा 19 रन बनाकर आउट हो गईं। क्रांति गौड तो अपना खाता तक नहीं खोल पाईं। स्नेह राणा ने 3 रन बनाए। बल्लेबाजों के खराब प्रदर्शन की वजह से ही भारतीय महिला टीम 34 ओवर्स में 187 रन ही बना सकी।
अब महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 से पहले भारतीय बल्लेबाजों का खराब प्रदर्शन टेंशन बढ़ाने वाला है। हरलीन देओल, ऋचा घोष और दीप्ति शर्मा जैसी सीनियर प्लेयर्स अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाईं। इन प्लेयर्स की इंग्लैंड महिला टीम की बॉलर्स के खिलाफ एक ना चली। इसी वजह से उन्हें बड़ी हार देखनी पड़ी।
यह भी पढ़ें:
खुद की कमी को छुपा रहा पाकिस्तानी खिलाड़ी, ICC की सुनवाई में कही बेतुकी बात; मिलेगी कड़ी सजा!
भारत की युवा टीम ने ऑस्ट्रेलियाई टीम को बुरी तरह से पटका, सीरीज में कर दिया सूपड़ा साफ