1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IND vs ENG: क्रिकेट और फुटबॉल का हुआ संगम, टीम इंडिया और मैनचेस्टर यूनाइटेड एक साथ नजर आए

IND vs ENG: क्रिकेट और फुटबॉल का हुआ संगम, टीम इंडिया और मैनचेस्टर यूनाइटेड एक साथ नजर आए

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Jul 21, 2025 07:05 am IST,  Updated : Jul 21, 2025 07:05 am IST

भारत और इंग्लैंड का मैनचेस्टर में 23 जुलाई से आमना-सामना होने जा रहा है। 5 मैचों की टेस्ट सीरीज का यह चौथा टेस्ट मैच होगा। इस मुकाबले से पहले टीम इंडिया ने मशहूर क्लब मैनचेस्टर यूनाइटेड के खिलाड़ियो से मुलाकात की।

IND vs ENG- India TV Hindi
टीम इंडिया और मैनचेस्टर यूनाइटेड Image Source : GETTY

भारतीय टीम इस समय मैनचेस्टर में आगामी चौथे टेस्ट की तैयारी कर रही है। चौथा टेस्ट 23 जुलाई से मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में खेला जाएगा। ऐसे में टीम इंडिया ने चौथे मुकाबले से पहले भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी इंग्लैंड के मशहूर फुटबॉल क्लब मैनचेस्टर यूनाइटेड के खिलाड़ियों से मुलाकात की और उनके साथ दोस्ताना माहौल में अभ्यास किया। इस मुलाकात की तस्वीरें BCCI ने सोशल मीडिया पर शेयर की हैं, जिसमें भारतीय खिलाड़ी क्लब के ट्रेनिंग ग्राउंड कैरिंगटन में यूनाइटेड के सितारों के साथ फुटबॉल खेलते हुए नजर आए। इस दौरान खिलाड़ियों ने आपस में जर्सी का आदान-प्रदान भी किया।

दोनों टीमें एक साथ नजर आईं

BCCI द्वारा शेयर की गई तस्वीरों में शुभमन गिल, ऋषभ पंत, मोहम्मद सिराज, जसप्रीत बुमराह जैसे खिलाड़ी फुटबॉलरों के साथ अपने अनुभव साझा करते हुए दिखाई दिए। एक फोटो में सिराज को यूनाइटेड के डिफेंडर हैरी मैगुइरे को गेंदबाजी करते हुए देखा गया, जबकि एक फोटो में गिल और ब्रूनो फर्नांडीस नजर आए। वहीं, बुमराह मेसन माउंट और हैरी मैगुइरे से बातचीत करने में मसरूफ दिखे।

गौरतलब है कि पांच मैचों की सीरीज में मेजबान इंग्लैंड फिलहाल 2-1 से आगे है। पहला टेस्ट इंग्लैंड ने अपने नाम किया था जबकि एजबेस्टन में खेले गए दूसरे टेस्ट में टीम इंडिया ने बाजी मारी थी। हालांकि, तीसरे टेस्ट में टीम इंडिया सिर्फ 22 रनों से मुकाबला हार गई।  ऐसे में मैदान से बाहर यह दोस्ताना पल टीम इंडिया के खिलाड़ियों के लिए तनावमुक्त और प्रेरणादायक अनुभव बन गया।

नीतिश कुमार रेड्डी का खेलना मुश्किल

टीम इंडिया की नजरें चौथे टेस्ट में जीत के साथ सीरीज में बराबरी हासिल करने पर लगी हैं, लेकिन टीम की मुश्किलें खत्म होने का नाम नहीं ले रही हैं। दरअसल, आकाश दीप और अर्शदीप सिंह के कवर के तौर पर तेज गेंदबाज अंशुल कम्बोज को भारतीय टीम में शामिल किया गया है। वहीं, भारतीय आल राउंडर नीतिश कुमार रेड्डी का भी चौथे टेस्ट में खेलना संदिग्ध है क्योंकि उन्हें 20 जुलाई को जिम में चोट लग गई। अब देखना होगा कि चौथे टेस्ट में भारतीय टीम किन 11 खिलाड़ियों के साथ इंग्लैंड को चुनौती देने के लिए मैदान में उतरती है। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल