1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IPL 2023 Final: CSK ने जीती पांचवीं IPL ट्रॉफी, जडेजा ने अंतिम गेंद पर जिताया मैच

IPL 2023 Final: CSK ने जीती पांचवीं IPL ट्रॉफी, जडेजा ने अंतिम गेंद पर जिताया मैच

 Written By: Rishikesh Singh
 Published : May 29, 2023 06:40 pm IST,  Updated : May 30, 2023 06:17 am IST

IPL 2023 Final: चेन्नई सुपर किंग्स और गुजरात टाइटंस के बीच फाइनल मुकाबला खेला गया। सीएसके ने 5 विकेट से जीता मैच।

CSK vs GT- India TV Hindi
चेन्नई सुपर किंग्स ने जीता आईपीएल फाइनल Image Source : TWITTER (IPL)

IPL 2023 Final: आईपीएल 2023 का फाइनल मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला गया। इस मैच में चेन्नई सुपर किंग्स और गुजरात टाइटंस के बीच सामना हुआ। इस मैच को चेन्नई सुपर किंग्स ने 5 विकेट से जीत लिया। इस जीत के साथ ही सीएसके ने अपना 5वां आईपीएल खिताब भी जीत लिया है। सीएसके ने ये सभी खिताब एमएस धोनी के कप्तानी में जीते हैं। दोनों टीमों के बीच खेले गए इस रोमांचक फाइनल मुकाबले में रवींद्र जडेजा ने अंतिम दो गेंदों पर एक छक्का और एक चौका लगाकर मैच जिताया।

बारिश के कारण मैच में आई थी रुकावट

आईपीएल 2023 के इस फाइनल मुकाबले में बारिश रुकावट बनी। पिछले दिनों भी बारिश के कारण मैच नहीं खेला जा सका था। जिसकी वजह से मैच रिजर्व डे पर खेला गया। जहां सीएसके ने गुजरात टाइटंस को रौंद दिया। इस मुकाबले में बारिश ने काफी परेशान किया। लेकिन अंत में ओवरों की कटौती के साथ मैच को पूरा किया जा सका। मैच की बात करे तो सीएसके के कप्तान एमएस धोनी ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया था। पहले बल्लेबाजी करते गुजरात टाइटंस ने निर्धारित 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 214 रन बनाए। मैच की दूसरी पारी में बारिश के कारण मैच को काफी देर तक रोका गया। लेकिन अंत में मैच को 15 ओवर का कर दिया गया। जहां सीएसके को जीत के लिए 171 रनों का लक्ष्य मिला। सीएसके ने 5 विकेट खोकर 15 ओवर में इस टारगेट को हासिल कर आईपीएल का खिताब जीत लिया।

आईपीएल की सबसे सफल टीम बनी CSK

चेन्नई सुपर किंग्स इस मैच के बाद आईपीएल इतिहास की सबसे सफल टीम बन गई है। सीएसके के नाम अब आईपीएल के पांच खिताब हो गए हैं। इससे पहले मुंबई इंडियंस की टीम ने पांच खिताब जीते थे। लेकिन अब सीएसके के नाम भी उतने ही खिताब हैं और उन्होंने मुंबई के मुकाबले 2 सीजन कम खेला है। सीएसके ने आईपीएल के 14 सीजन में 10 फाइनल खेले हैं। कुल मिलाकर कहे तो सीएसके अब आईपीएल की रियल किंग टीम है।

दोनों टीमों की प्लेइंग 11

गुजरात टाइटंस: रिद्धिमान साहा (विकेटकीपर), शुभमन गिल, साई सुदर्शन, हार्दिक पांड्या (कप्तान), विजय शंकर, डेविड मिलर, राहुल तेवतिया, राशिद खान, मोहित शर्मा, नूर अहमद, मोहम्मद शमी

चेन्नई सुपर किंग्स: रुतुराज गायकवाड़, डेवोन कॉनवे, अजिंक्य रहाणे, मोइन अली, अंबाती रायुडू, रवींद्र जडेजा, एमएस धोनी (कप्तान, विकेटकीपर), दीपक चाहर, तुषार देशपांडे, महेश ठीकशाना, मथीशा पथिराना

IPL Final CSK vs GT का स्कोरकार्ड देखने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल