1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IPL 2025: रोमांचक मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने चेन्नई को दी मात, CSK को मिली लगातार दूसरी हार

IPL 2025: रोमांचक मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने चेन्नई को दी मात, CSK को मिली लगातार दूसरी हार

 Written By: Hitesh Jha
 Published : Mar 30, 2025 11:29 pm IST,  Updated : Mar 30, 2025 11:56 pm IST

IPL 2025 का 11वां मुकाबला राजस्थान रॉयल्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच खेला गया। इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान ने चेन्नई के सामने 183 रन का टारगेट रखा था।

CSK vs RR- India TV Hindi
CSK vs RR Image Source : PTI

IPL 2025 का 11वां मुकाबला राजस्थान रॉयल्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच गुवाहाटी के बरसापारा स्टेडियम में खेला गया। इस मैच को राजस्थान ने 6 रनों से अपने नाम किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान रॉयल्स ने 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 182 रन बनाए। जवाब में चेन्नई सुपर किंग्स टीम ने 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 176 रन ही बना सकी। CSK की ये इस सीजन लगातार दूसरी हार है। इससे पहले सीएसके को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ 50 रन से हार का सामना करना पड़ा था।

RR vs CSK: नीतीश राणा ने खेली तूफानी पारी

पहले बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान की शुरुआत इस मैच में विकेट के साथ हुई। यशस्वी जायसवाल (4) को खलील अहमद ने पहले ही ओवर में अश्विन के हाथों कैच आउट कराया। हालांकि, इसके बाद तीसरे नंबर पर नीतीश राणा बैटिंग करने आए और इस मैच में वो अलग ही फॉर्म में दिखे। उन्होंने सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 82 रनों की पार्टनरशिप की। इम्पैक्ट खिलाड़ी के तौर पर बैटिंग करने आए संजू सैमसन 16 गेंदों में 20 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें नूर अहमद ने पवेलियन भेजा।

इसके बाद नीतीश ने कप्तान रियान पराग के साथ मिलकर 24 गेंदों में 38 रनों की साझेदारी की। इस दौरान बाएं हाथ के बल्लेबाज नीतीश ने 21 गेंदों में अपना 19वां अर्धशतक पूरा किया। वह 36 गेंदों में 81 रनों की तूफानी खेलकर आउट हुए। धोनी ने उन्हें स्टंप किया। 124 पर तीन विकेट गंवाने के बाद राजस्थान की पारी लड़खड़ा गई। इस मैच में ध्रुव जुरेल ने तीन, वानिंदु हसरंगा ने चार, कुमार कार्तिकेय ने एक रन बनाए। चेन्नई की तरफ से नूर अहमद, खलील अहमद और मथिसा पथिराना ने 2-2 विकेट लिए।

ऋतुराज गायकवाड़ की अर्धशतकीय पारी गई बेकार

लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई की शुरुआत भी कुछ खास नहीं रही। पहले ही ओवर में जाेफ्रा आर्चर ने रचिन रवींद्र को विकेट के पीछे कैच आउट करवाया, वह अपना खाता भी नहीं खोल सके। इसके बाद राहुल त्रिपाठी और ऋतुराज गायकवाड़ के बीच 46 रनों की पार्टनरशिप हुई। जब तक ये दोनों बैटिंग कर रहे थे, ऐसा लग था चेन्नई मैच में अपनी पकड़ मजबूत कर रही है। लेकिन हसरंगा ने राहुल त्रिपाठी को आउट करके सीएसके को बड़ा झटका दिया। वो 19 गेंदों में 23 रन बनाकर आउट हुए।

राहुल त्रिपाठी के बाद बैटिंग करने आए शिवम दुबे 10 गेंदों में 18 और विजय शंकर 6 गेंदों में 9 रन बनाकर चलते बने। इसके बाद ऋतुराज गायकवाड़ एक एंड से लगातार अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन वह भी 44 गेंदों ने 63 रन बनाकर आउट हो गए। वहीं बाद में रवींद्र जडेजा ने 22 गेंदों में 32 तो वहीं धोनी ने 11 गेंदों में 16 रन जरूर बनाए, लेकिन यह टीम को जीत दिलाने के लिए काफी नहीं थी। राजस्थान के लिए सबसे सफल वानिन्दु हसरंगा रहे, उन्होंने इस मैच में 4 विकेट अपने नाम किए।

ये भी पढ़ें

CSK के गेंदबाज ने फिर हासिल की पर्पल कैप, LSG के बल्लेबाज का Orange Cap पर कब्जा बरकरार

MI vs KKR: वानखेड़े में बल्लेबाजों का गरजेगा बल्ला या गेंदबाज दिखाएंगे कमाल, जानें पूरी Pitch रिपोर्ट

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल