1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IPL 2025: सनराइजर्स हैदराबाद की शानदार शुरुआत, हाई स्कोरिंग मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स को 44 रनों से दी मात

IPL 2025: सनराइजर्स हैदराबाद की शानदार शुरुआत, हाई स्कोरिंग मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स को 44 रनों से दी मात

 Written By: Hitesh Jha
 Published : Mar 23, 2025 07:34 pm IST,  Updated : Mar 23, 2025 07:34 pm IST

IPL 2025 का दूसरा मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के बीच खेला गया। इस मैच को हैदराबाद की टीम ने बड़े ही आसानी से अपने नाम किया।

Ishan Kishan- India TV Hindi
ईशान किशन Image Source : GETTY

IPL 2025 का दूसरा मैच सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के बीच राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला गया। इस मैच को सनराइजर्स हैदराबाद ने 44 रनों से अपने नाम किया। राजस्थान के कप्तान रियान पराग ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए हैदराबाद ने ईशान और ट्रैविस हेड के दम पर 20 ओवर में छह विकेट पर 286 रन बनाए। यह आईपीएल इतिहास का दूसरा सर्वोच्च टोटल है। जवाब में राजस्थान रॉयल्स ने पूरे 20 ओवर बैटिंग करने के बाद 6 विकेट के नुकसान पर 242 रन बनाए। राजस्थान की तरफ से संजू सैमसन और ध्रुव जुरेल ने अर्धशतकीय पारी खेली।

ईशान किशन ने लगाया शानदार शतक

पहले बल्लेबाजी करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद टीम को उनके ओपनर्स अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड ने शानदार शुरुआत दिलाई। अभिषेक इस मैच में 11 गेंदों में 24 रन बनाकर आउट हो गए। उनके आउट होने के बाद ट्रैविस हेड ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की और 31 गेंदों में 67 रनों की तूफानी पारी खेली। हेड के आउट होने के बाद ऐसा लग रहा था की यहां से SRH के रन गति पर थोड़ा लगाम लग जाएगा, लेकिन ईशान ने दमदार बल्लेबाजी की और 45 गेंदों पर शतक जड़ दिया। ईशान का सनराइजर्स हैदराबाद के लिए यह डेब्यू मुकाबला था, वहीं ईशान के आईपीएल करियर का यह पहला शतक था। ईशान 47 गेंदों पर 11 चौकों और छह छक्कों की मदद से 106 रन बनाकर नाबाद लौटे। वहीं विकेटकीपर बल्लेबाज हेनरिक क्लासेन ने 14 गेंदों में पांच चौकों और एक छक्के की मदद से 34 रन बनाए, नीतीश कुमार रेड्डी ने 15 गेंदों पर 30  और अनिकेत वर्मा ने सात रन बनाए। राजस्थान के लिए सबसे सफल गेंदबाज तुषार देशपांडे रहे जिन्होंने तीन विकेट झटके। उनके अलावा महेश तीक्ष्णा ने दो और संदीप शर्मा ने एक विकेट लिया। वहीं जोफ्रा आर्चर ने अपने 4 ओवर के स्पेल में 76 रन लुटाए।

संजू सैमसन और ध्रुव जुरेल की पारी गई बेकार

राजस्थान रॉयल्स की टीम जब 287 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी तो वहां उनकी शुरुआत बेहद खराब रही। दूसरे ही ओवर में यशस्वी जायसवाल (1 रन) और कप्तान रियान पराग (4 रन) आउट हो गए। वहीं राजस्थान के लिए पहली बार खेल रहे नीतीश राणा 11 रन बनाकर चलते बने। तीन विकेट जल्दी गिरने के बाद इम्पैक्ट सब्स्टीट्यूट के रूप में जायसवाल के साथ बैटिंग करने आए संजू सैमसन ने ध्रुव जुरेल के साथ मिलकर पारी को संभाला। दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 111 रनों की साझेदारी हुई। लेकिन ये दोनों बल्लेबाज तीन गेंद के अंदर आउट हो गए और उनके आउट होने के साथ ही राजस्थान की पारी फिर से लड़खड़ा गई। इसके बाद शिमरन हेटमायर और शुभम दुबे ने कुछ अच्छे शॉट्स जरूर लगाए लेकिन राजस्थान की टीम को जीत नहीं दिला सके। हेटमायर 23 गेंदों में 42 रन बनाकर आउट हुए। वहीं दुबे 11 गेंदों में 34 रन बनाकर नाबाद लौटे।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल