SRH vs GT Match Prediction: इंडियन प्रीमियर लीग के 18वें सीजन का 19वां मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद और गुजरात टाइटंस के बीच हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। सनराइजर्स हैदराबाद ने अब तक इस सीजन में 4 मैच खेले हैं, जिसमें से उन्हें पिछले तीन मुकाबलों में लगातार हार का सामना करना पड़ा है, ऐसे में उनके लिए ये मैच काफी अहम रहने वाला है। वहीं दूसरी तरफ गुजरात टाइटंस टीम के प्रदर्शन को लेकर बात की जाए तो उन्होंने तीन मैच खेले हैं, जिसमें से वह 2 को जीतने में कामयाब रहे हैं। ऐसे में इस मुकाबले में किस टीम का पलड़ा भारी रह सकता है उसपर सभी की नजरें रहेंगी।
राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम की पिच रिपोर्ट
दोनों टीमों के बीच ये मुकाबला हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा जहां की पिच को लेकर बात की जाए तो ये बल्लेबाजी के लिए काफी बेहतर मानी जाती है। यहां पर पहली पारी का औसत स्कोर 205 से 210 रनों के बीच देखने को मिलता है, ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी का फैसला करना चाहेगी ताकि टारगेट का आसानी से पीछा किया जा सके। इस पिच पर स्पिनर्स मुकाबला आगे बढ़ने के साथ थोड़ी मदद हासिल कर सकते हैं।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग 11
सनराइजर्स हैदराबाद - अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, नितीश कुमार रेड्डी, अनिकेत वर्मा, हेनरिक क्लासेन (विकेटकीपर), कामिंदु मेंडिस, पैट कमिंस (कप्तान), हर्षल पटेल, सिमरजीत सिंह, मोहम्मद शमी, जीशान अंसारी।
गुजरात टाइटंस - साईं सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), शाहरुख खान, राहुल तेवतिया, अरशद खान, राशिद खान, आर साई किशोर, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, इशांत शर्मा।
जोस बटलर और ट्रेविस हेड का प्रदर्शन रहेगा काफी अहम
गुजरात टाइटंस के लिए इस मुकाबले में जोस बटलर का प्रदर्शन काफी अहम रहने वाला है, इस सीजन की शुरुआत बटलर ने काफी शानदार तरीके से की है, जिसके बाद वह अपने इसी फॉर्म को जारी रखना चाहेंगे। यदि बटलर इस मैच में भी वैसा प्रदर्शन करने में कामयाब होते हैं तो ऐसे में हैदराबाद के लिए मुश्किलें बढ़ सकती हैं। वहीं सनराइजर्स हैदराबाद के लिए इस मैच में एकबार फिर से ट्रेविस हेड का प्रदर्शन अहम रहने वाला है, जिसमें पिछले कुछ मैचों में उनका बल्ला भले ही ना चला हो लेकिन इस मुकाबले में हेड के बल्ले का कमाल देखने को मिल सकता है।
गुजरात का फॉर्म के नजरिए से पलड़ा भारी
इस मुकाबले में दोनों टीमों में किसका पलड़ा अधिक भारी दिख रहा है तो उसमें गुजरात टाइटंस की टीम आगे दिख रही है, जिन्होंने तीन में से 2 मुकाबलों को अपने नाम किया है। वहीं दूसरी तरफ हैदराबाद की टीम तीन मैच गंवा चुकी है। हेड टू हेड में भी गुजरात 4 में से तीन मैच जीते हैं। वहीं सनराइजर्स हैदराबाद को गुजरात टाइटंस की टीम बिल्कुल भी हल्के में लेने की गलती नहीं करेगी। हालांकि क्रिकेट को अनिश्चिताओं का खेल कहा जाता है। ऐसे में इस खेल में किसी भी चीज का अनुमान लगा पाना मुश्किल जरूर है।
ये भी पढ़ें
केएल राहुल ने हासिल किया बड़ा मुकाम, विराट कोहली के बड़े रिकॉर्ड की कर ली बराबरी
अक्षर पटेल की कप्तानी में दिल्ली ने दिखाया जलवा, 5468 दिन बाद टीम कर पाई ये कमाल