1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. CSK, MI और KKR के स्पेशल क्लब में शामिल होगी नई टीम, IPL 2026 में इतिहास बनना तय

CSK, MI और KKR के स्पेशल क्लब में शामिल होगी नई टीम, IPL 2026 में इतिहास बनना तय

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : May 25, 2026 07:44 am IST,  Updated : May 25, 2026 07:44 am IST

राजस्थान रॉयल्स की मुंबई इंडियंस पर जीत के साथ आईपीएल 2026 प्लेऑफ की तस्वीर पूरी तरह साफ हो गई। राजस्थान ने चौथी और आखिरी टीम के रूप में नॉकआउट में जगह बनाई, जबकि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, गुजरात टाइटन्स और सनराइजर्स हैदराबाद पहले ही क्वालिफाई कर चुके थे।

IPL Trophy- India TV Hindi
आईपीएल ट्रॉफी Image Source : GETTY

IPL 2026 अब अपने सबसे रोमांचक दौर में पहुंच चुका है। प्लेऑफ की तस्वीर पूरी तरह साफ हो गई है और अब चैंपियन टीम का इंतजार हो रहा है। हालांकि, इस बार यह तय हो चुका है कि IPL को कोई नया चैंपियन नहीं मिलेगा। इस बार जो भी टीम जीतेगी, उसका वो दूसरा खिताब होगा। इसका मतलब साफ है कि अब चेन्नई सुपर किंग्स, मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के उस खास क्लब में एक नई टीम की एंट्री तय है, जिसने IPL ट्रॉफी एक से ज्यादा बार जीती हो।

IPL में बनेगा इतिहास

दरअसल, 24 मई को मुंबई इंडियंस के खिलाफ जीत दर्ज करने के बाद राजस्थान रॉयल्स ने प्लेऑफ में चौथी और आखिरी जगह पक्की कर ली। इसके साथ ही राजस्थान ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, गुजरात टाइटन्स और सनराइजर्स हैदराबाद के साथ नॉकआउट में प्रवेश किया। दिलचस्प बात यह है कि प्लेऑफ में पहुंची चारों टीमें पहले सिर्फ एक-एक बार IPL खिताब जीत चुकी हैं। ऐसे में यह तय हो गया है कि IPL 2026 के बाद लीग को एक नया दो बार का चैंपियन मिलेगा।

डिफेंडिंग चैंपियन RCB ने 2025 में अपना पहला IPL खिताब जीता था और इस बार शानदार प्रदर्शन करते हुए लीग स्टेज में टॉप पर रही। गुजरात टाइटंस 2022 की चैंपियन टीम है और उसने चौथी बार प्लेऑफ में जगह बनाई है। सनराइजर्स हैदराबाद ने 2016 में RCB को हराकर ट्रॉफी जीती थी, जबकि राजस्थान रॉयल्स ने 2008 में महान कप्तान शेन वॉर्न की कप्तानी में पहला IPL अपने नाम किया था। अब इन चारों में से जो भी टीम ट्रॉफी जीतेगी, वह दूसरी बार IPL चैंपियन बनेगी।

RCB पहुंची MI के बराबर

इस बीच RCB ने एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। टीम ने IPL इतिहास में 11वीं बार प्लेऑफ में जगह बनाई और इस मामले में मुंबई इंडियंस की बराबरी कर ली। सबसे ज्यादा 12 बार टॉप-4 में पहुंचने का रिकॉर्ड अभी भी चेन्नई सुपर किंग्स के नाम दर्ज है। वहीं सनराइजर्स हैदराबाद और कोलकाता नाइट राइडर्स 8-8 बार, राजस्थान रॉयल्स 7 बार, दिल्ली कैपिटल्स 6 बार और गुजरात टाइटंस 4 बार प्लेऑफ में पहुंच चुकी हैं।

IPL 2026 के प्लेऑफ मुकाबलों की शुरुआत 26 मई से होगी, जहां धर्मशाला में क्वालिफायर-1 में RCB का सामना गुजरात टाइटंस से होगा। इसके बाद 27 मई को मुल्लांपुर में सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के बीच एलिमिनेटर खेला जाएगा। क्वालिफायर-2 29 मई को उसी मैदान पर होगा, जबकि 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में फाइनल मुकाबला खेला जाएगा।

यह भी पढ़ें:

केएल राहुल ने रचा इतिहास, गेल और मैक्सवेल दोनों छूटे पीछे, ऐसा करने वाले बने पहले बल्लेबाज

वैभव सूर्यवंशी ने अब फील्डिंग से IPL में रचा इतिहास, ध्वस्त हुआ 8 साल पुराना कीर्तिमान

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल