IPL 2026 के बीच एक तरफ जहां लखनऊ सुपर जायंट्स को अपने स्टार स्पिनर का इंतजार है, वहीं कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए राहत भरी खबर सामने आ रही है। श्रीलंका के दिग्गज लेग स्पिनर वानिंदु हसरंगा की उपलब्धता को लेकर अभी भी संशय बना हुआ है, जबकि तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना की वापसी के संकेत मिल रहे हैं। लखनऊ सुपर जायंट्स ने हसरंगा को 2 करोड़ रुपये के बेस प्राइस पर खरीदा था, लेकिन अब तक उन्होंने टीम को जॉइन नहीं किया है। सबसे बड़ी चिंता यह है कि उन्होंने अपनी वापसी को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी भी नहीं दी है। ऐसे में फ्रेंचाइजी अब उनके विकल्प पर विचार कर सकती है।
हसरंगा पर बना सस्पेंस
क्रिकबज के सूत्रों के मुताबिक, हसरंगा ने अभी तक श्रीलंका क्रिकेट द्वारा अनिवार्य फिटनेस टेस्ट भी नहीं दिया है, जो IPL खेलने के लिए NOC (नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट) पाने के लिए जरूरी है। हाल ही में कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में उन्होंने बल्लेबाजी का अभ्यास जरूर किया, लेकिन गेंदबाजी नहीं की।हसरंगा पिछले करीब दो महीनों से मैदान से बाहर हैं। उन्हें बाएं हैमस्ट्रिंग में चोट लगी थी, जिसके बाद वह 8 फरवरी को आयरलैंड के खिलाफ T20 वर्ल्ड कप मैच के बाद से नहीं खेले हैं।
हसरंगा का IPL करियर उतार-चढ़ाव भरा रहा है। कई फ्रेंचाइज़ियों का मानना है कि कुछ विदेशी खिलाड़ी बेस प्राइस पर खरीदे जाने के बाद टूर्नामेंट में शामिल नहीं होते। इसी वजह से IPL ने 2024 में नियम लागू किए थे, जिसके तहत ऑक्शन के बाद नाम वापस लेने वाले खिलाड़ियों पर कार्रवाई हो सकती है। लखनऊ टीम से जुड़े एक सूत्र ने कहा कि हमें वानिंदु हसरंगा को लेकर कोई ठोस अपडेट नहीं मिला है। ऐसे में टीम रिप्लेसमेंट के विकल्प तलाश सकती है। लखनऊ के पास कई विदेशी स्पिनर विकल्प मौजूद हैं, जिनमें मुजीब उर रहमान, मोहम्मद नबी, लियाम डॉसन और रेहान अहमद शामिल हैं।
KKR के लिए राहत की खबर
दूसरी ओर, KKR के लिए अच्छी खबर यह है कि पथिराना तेजी से रिकवरी कर रहे हैं। फ्रेंचाइज़ी ने उन्हें 18 करोड़ रुपये में खरीदा था और उम्मीद जताई जा रही है कि वह इस सीजन में जल्द टीम के लिए उपलब्ध होंगे। पथिराना ने नेट्स में गेंदबाजी शुरू कर दी है और हाल ही में उन्हें प्रेमदासा स्टेडियम में अभ्यास करते देखा गया। हालांकि, वह अभी पूरी रफ्तार से गेंदबाजी नहीं कर रहे हैं, लेकिन उनकी वापसी की राह साफ होती दिख रही है। जहां लखनऊ सुपर जायंट्स हसरंगा की अनिश्चितता से जूझ रही है, वहीं कोलकाता नाइट राइडर्स को पथिराना की वापसी से मजबूती मिलने की उम्मीद है। आने वाले दिनों में दोनों टीमों के लिए ये अपडेट काफी अहम साबित हो सकते हैं।
यह भी पढ़ें
ODI का अनोखा रिकॉर्ड, ना बनाया कोई रन, ना ही लिया विकेट, फिर भी बना प्लेयर ऑफ द मैच