1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IPL 2027: जल्दी शुरू हो सकता है अगले साल का आईपीएल, मैचों की संख्या में नहीं होगा कोई इजाफा

IPL 2027: जल्दी शुरू हो सकता है अगले साल का आईपीएल, मैचों की संख्या में नहीं होगा कोई इजाफा

 Published : Jun 18, 2026 12:45 pm IST,  Updated : Jun 18, 2026 12:49 pm IST

आईपीएल का अगला सीजन थोड़ा पहले शुरू कराने पर विचार किया जा रहा है। मार्च से लेकर मई के बीच में इसे खत्म कराने का प्रयास किया जा रहा है। अगले साल आईपीएल को 20 साल भी पूरे हो होने जा रहे हैं।

ipl- India TV Hindi
आईपीएल Image Source : GETTY

आईपीएल का ये सीजन अभी कुछ ही दिन पहले खत्म हुआ है। अगले साल का आईपीएल अभी दूर है, लेकिन बीसीसीआई ने अभी से इसकी तैयारी शुरू कर दी है। इसका शेड्यूल तो बाद में आएगा, लेकिन संभावित तारीखें जरूर सामने आ गई हैं। संभावना जताई गई है कि अगला आईपीएल थोड़ा पहले शुरू होगा, मई के बीच में ही खत्म हो जाएगा। साथ ही मैचों की संख्या अभी बढ़ाने का विचार बीसीसीआई का नहीं है। 

आईपीएल 2027 का सीजन 10 मार्च से हो सकता है शुरू

अगले साल का आईपीएल 10 मार्च से शुरू हो सकता है। वहीं इसका आखिरी मैच यानी फाइनल मुकाबला 15 मई को कराया जा सकता है। दरअसल मई के आखिर में उत्तर भारत में जबरदस्त गर्मी पड़ रही होती है, इससे दिन के खेल में खिलाड़ियों को​ दिक्कत होती है। इसी से बचने के लिए बीसीसीआई प्लान बना रहा है कि इसे थोड़ा पहले शुरू किया जाए। बीसीसीआई के सचिव देवजीत सैकिया ने पीटीआई से एक खास बातचीत में इसकी जानकारी दी है। इसके साथ ही सैकिया ने ये भी बताया कि इंटरनेशनल क्रिकेट कैलेंडर काफी व्यस्त है, इसलिए अभी मैचों की संख्या बढ़ाने पर विचार नहीं किया जा रहा है। यानी अगले साल होने वाले आईपीएल में भी कुल मिलाकर 74 मुकाबले ही खेले जाएंगे। उसके बाद ही 94 मैच होने की संभावना है। 

अगले साल आईपीएल को पूरे हो जाएंगे 20 साल

इस साल का आईपीएल 29 मार्च से शुरू हुआ था और इसका फाइनल मैच 31 मई को खेला गया था। देवजीत सैकिया का कहना है कि 15 मई के बाद प्री मानसूनी सीजन शुरू हो जाता है, इससे बचने के लिए पहले ही टूर्नामेंट खत्म कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि बीसीसीआई की इसको लेकर आईपीएल गवर्निंग काउंसिल से बात चल रही है, जल्द ही इस पर आखिरी फैसला ले लिया जाएगा। अगले साल का आईपीएल वैसे भी अहम होगा। क्योंकि तब दुनिया के इस सबसे बड़े ​क्रिकेट टूर्नामेंट को 20 साल पूरे हो जाएंगे। 

बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी के तहत भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच जनवरी से मार्च तक खेली जाएगी सीरीज

ऑस्ट्रेलिया साल की शुरुआत में ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम भारत के दौरे पर आएगी। उस वक्त बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी के तहत पांच टेस्ट मैचों की सीरीज खेली जाएगी। सीरीज का आगाज 21 जनवरी से होगा। सीरीज का आखिरी टेस्ट 27 फरवरी से शुरू होगा, यानी आखिरी मैच 3 मार्च को खत्म हो जाएगा। इसके करीब आठ दिन बाद ही आईपीएल का आगाज हो जाएगा। टीम इंडिया का तीन मार्च के बाद अभी तक कोई इंटरनेशनल मैच खेलने का भी शेड्यूल नहीं है। 

यह भी पढ़ें 

वैभव सूर्यवंशी को वनडे में मिलेगा एक और मौका, कब खेला जाएगा ट्राई सीरीज का फाइनल मुकाबला

ICC Women's T20 World Cup 2026 Points Table: टीम इंडिया ने किया टॉप, दो मैच हारकर पाकिस्तान की हालत खराब

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल