1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. इंग्लैंड को लगा तगड़ा झटका, धाकड़ ऑलराउंडर चोटिल, दोनों सीरीज से हुआ बाहर

इंग्लैंड को लगा तगड़ा झटका, धाकड़ ऑलराउंडर चोटिल, दोनों सीरीज से हुआ बाहर

 Written By: Vanson Soral
 Published : May 31, 2025 03:57 pm IST,  Updated : May 31, 2025 04:05 pm IST

वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम इस समय इंग्लैंड दौरे पर है और वनडे सीरीज खेल रही है। इस सीरीज के बीच इंग्लैंड की टीम के लिए बुरी खबर आई है।

Jamie Overton- India TV Hindi
जेमी ओवरटन Image Source : GETTY

इंग्लैंड क्रिकेट टीम को तगड़ा झटका लगा है। वेस्टइंडीज के खिलाफ जारी वनडे सीरीज के बीच इंग्लैंड के धाकड़ ऑलराउंडर जेमी ओवरटन चोटिल हो गए हैं।  जेमी ओवरटन के दाएं हाथ की छोटी उंगली में फ्रैक्चर हो गया है, जिसके चलते वेस्टइंडीज के खिलाफ 2 वनडे और उसके बाद होने वाली 3 मैचों की T20I सीरीज से बाहर हो गए हैं।

जेमी ओवरटन को 29 मई को बर्मिंघम में खेले गए पहले वनडे में चोट लगी थी, जिसे इंग्लैंड ने 238 रनों से जीता था। इस मैच में चोटिल होने के बाद मैदान से बाहर जाने से पहले ओवरटन ने 5.2 ओवर में 22 रन देकर 3 विकेट लेकर वेस्टइंडीज के मध्यक्रम को तहस-नहस कर दिया था। उन्होंने शॉर्ट-पिच गेंदों पर रोस्टन चेस और मैथ्यू फोर्ड को आउट किया और फिर धीमी गेंद पर गुडाकेश मोटी को पवेलियन का रास्ता दिखाया था। 

रिप्लेसमेंट का नहीं किया ऐलान 

इंग्लैंड रविवार को कार्डिफ में होने वाले दूसरे वनडे मैच और मंगलवार को ओवल में होने वाले आखिरी वनडे के लिए टीम में किसी रिप्लेसमेंट को शामिल नहीं करने का फैसला किया है। मैथ्यू पॉट्स और बाएं हाथ के तेज गेंदबाज ल्यूक वुड रिजर्व तेज गेंदबाजों में शामिल हैं, जबकि बाएं हाथ के स्पिनर टॉम हार्टले पर भी विचार किया जा सकता है। वनडे सीरीज में पहला मैच खेलने से पहले ओवरटन IPL 2025 में चेन्नई सुपर किंग्स के साथ थे, जहां उन्होंने तीन मैच खेले लेकिन सिर्फ 6 ओवर गेंदबाजी की। इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड के मीडिया बयान के अनुसार, ओवरटन अब इंग्लैंड की मेडिकल टीम की देखरेख में रिहैबिलिटेशन से गुजरेंगे।

पिछले साल वनडे में किया था डेब्यू

31 साल के ओवरटन का पिछले साल ही वनडे डेब्यू हुआ था। उन्होंने अब तक सिर्फ 6 वनडे मैच खेले हैं और 7 विकेट अपने नाम किए हैं। वहीं, 12 T20I मैचों में 11 विकेट चटकाए हैं। उन्होंने साल 2022 में न्यूजीलैंड के खिलाफ अपना टेस्ट डेब्यू किया था। हालांकि, तब से ही उन्हें दूसरे टेस्ट मैच खेलने का मौका नहीं मिला है। 

ENG vs WI वनडे सीरीज का पूरा शेड्यूल

  • पहला वनडे: 29 मई, एजबेस्टन, बर्मिंघम (शाम 5:30 बजे)
  • दूसरा वनडे: 1 जून, सोफिया गार्डन, कार्डिफ (दोपहर 3:30 बजे) 
  • तीसरा वनडे: 3 जून, केनिंग्टन ओवल, लंदन (शाम 5:30 बजे)

ENG vs WI T20I सीरीज का पूरा शेड्यूल

  • पहला T20I: 6 जून, एजबेस्टन, चेस्टर ली स्ट्रीट (रात 11:00 बजे)
  • दूसरा T20I: 8 जून, रिवरसाइड ग्राउंड, ब्रिस्टल (शाम 7:00 बजे) 
  • तीसरा T20I: 10 जून, द रोज बाउल, साउथेम्प्टन (रात 11:00 बजे)

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल