1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. टीम इंडिया की हार में दबे जसप्रीत बुमराह के ऐतिहासिक कीर्तिमान, 32 विकेट के साथ जड़े ताबड़तोड़ रन

टीम इंडिया की हार में दबे जसप्रीत बुमराह के ऐतिहासिक कीर्तिमान, 32 विकेट के साथ जड़े ताबड़तोड़ रन

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Jan 05, 2025 11:55 am IST,  Updated : Jan 05, 2025 02:23 pm IST

जसप्रीत बुमराह भले ही अपनी कप्तानी में टीम इंडिया को बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में हार से नहीं बचा सके लेकिन बतौर गेंदबाज कई बड़े कीर्तिमान ध्वस्त कर दिए।

IND vs AUS- India TV Hindi
जसप्रीत बुमराह और विराट कोहली Image Source : GETTY

IND vs AUS: मेलबर्न टेस्ट में जब टीम इंडिया की हार हुई थी तो 5 मैचों की बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में ऑस्ट्रेलिया ने 2-1 की बढ़त बना ली थी। इसके बाद भी फैंस को उम्मीद थी कि टीम इंडिया बॉर्डर-गावस्कर सीरीज में कम से कम आखिरी टेस्ट मैच जीतने में कामयाब होगी और बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी को अपने पास बरकरार रखने में कामयाब होगी। लेकिन ऐसा कुछ भी नहीं हुआ। नए साल का आगाज टीम इंडिया के लिए काफी निराशाजनक रहा। सिडनी टेस्ट में 6 विकेट से शिकस्त मिलने के साथ ही टीम इंडिया के हाथ से BGT का खिताब फिसल गया। यही नहीं, टीम इंडिया का लगातार तीसरी बार WTC फाइनल में जाने का सपना भी चकनाचूर हो गया।

बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2024-25 का आगाज पिछले साल 22 नवंबर को हुआ था जिसमें टीम इंडिया ने जसप्रीत बुमराह की कप्तानी में शानदार जीत के साथ आगाज किया। पर्थ में खेले गए पहले टेस्ट में टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया को उसके घर में सबसे बड़ी हार में से एक दी। पर्थ में मिली ऐतिहासिक जीत में जसप्रीत बुमराह का बहुत बड़ा योगदान रहा। बुमराह ने पहली ही पारी में 5 विकेट हॉल लेने का कानामा किया और फिर दूसरी पारी में 3 बल्लेबाजों का शिकार किया। बुमराह के इस शानदार प्रदर्शन से साथी गेंदबाजों को भी हौसला मिला और उन्होंने भी गेंद से ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों को बैकफुट पर धकेल दिया।

टीम इंडिया के बल्लेबाजों ने किया निराश

पहले टेस्ट में जीत के बाद उम्मीद जगी कि टीम इंडिया के लिए ये दौरा बेहतरीन साबित होने जा रहा है क्योंकि इससे कुछ दिन पहले ही टीम इंडिया को अपने घर में न्यूजीलैंड जैसी टीम से 3 मैचों की टेस्ट सीरीज में क्लीन स्वीप का सामना करना पड़ा था। एडिलेड में टीम इंडिया पूरे आत्मविश्वास के साथ उतरी क्योंकि अब टीम को रोहित शर्मा के रुप में नियमित कप्तान का साथ मिल चुका था लेकिन इस डे-नाइट टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया एकतरफा अंदाज में 10 विकेट से जीत गई। इस मैच में भी बुमराह ने गेंद से शानदार प्रदर्शन किया लेकिन बल्लेबाजों ने टीम इंडिया की लुटिया डुबा दी। गाबा टेस्ट ड्रॉ रहा लेकिन इस मैच में भी बुमराह की लय बरकरार रही। उन्होंने तीसरे टेस्ट में 9 विकेट लेकर बता दिया कि इस सीरीज में उनसे बड़ा गेंदबाज कोई नहीं है।

बुमराह की मेहनत पर फिरा पानी

BGT के आखिरी दो मैचों में टीम इंडिया को बल्ले से बेहतर करने की दरकार थी लेकिन बुमराह को छोड़कर किसी ने भी योगदान देने की जरूरत नहीं समझी। नतीजा ये हुआ कि बुमराह की शानदार गेंदबाजी पर भारतीय बल्लेबाजों ने पूरी तरह से पानी फेर दिया और सीरीज 1-3 से हार गई। इस पूरी सीरीज में बुमराह ने 32 विकेट अपने नाम किए और ऑस्ट्रेलिया में एक टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज बने। इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज अवॉर्ड से भी नवाजा गया। वह ऑस्ट्रेलिया में कपिल देव के बाद टेस्ट में प्लेयर ऑफ द सीरीज अवॉर्ड जीतने वाले दूसरे भारतीय गेंदबाज हैं।

बुमराह बनाम अन्य भारतीय पेसर

ऑस्ट्रेलिया दौरे पर जहां बुमराह ने अकेले 32 विकेट चटकाए तो वहीं, अन्य सभी भारतीय तेज गेंदबाजों ने मिलकर 40 विकेट अपने नाम किए। इस दौरान बुमराह ने 3 बार 5 विकेट हॉल लिया जबकि अन्य कोई भी भारतीय गेंदबाज ऐसा नहीं कर सका। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि बुमराह के बिना भारतीय टीम की गेंदबाजी की हालत किस कदर कमजोर और खस्ता है। 

ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट में भारत के लिए प्लेयर ऑफ द सीरीज (P.O.S.) अवॉर्ड जीतने वाले भारतीय 

  • 2025 - जसप्रीत बुमराह
  • 2018 - चेतेश्वर पुजारा
  • 2004 - राहुल द्रविड़
  • 1999 - सचिन तेंदुलकर
  • 1985 - कपिल देव/के श्रीकांत

जसप्रीत बुमराह ने इस सीरीज में गेंद से ही नहीं बल्कि बल्ले से भी छोटा लेकिन अहम योगदान दिया। जब टीम इंडिया के बल्लेबाजों ने 5वें टेस्ट की पहली पारी में घुटने टेके तो बुमराह ने बल्ले से भी स्कोरबोर्ड पर ताबड़तोड़ अंदाज में रन जोड़े। उन्होंने 17 गेंदों पर 3 चौके और 1 छक्के की मदद से 22 रन बनाए। इस पूरी सीरीज में उनके बल्ले से कुल 42 रन आए जो रोहित शर्मा से भी ज्यादा रन हैं।

SENA टेस्ट में भारत के लिए सबसे ज्यादा प्लेयर ऑफ द सीरीज अवॉर्ड

  • 3 - जसप्रीत बुमराह*
  • 3 - राहुल द्रविड़
  • 2 - कपिल देव

यह भी पढ़ें:

WTC Final में पहुंचते ही ऑस्ट्रेलिया ने कमिंस की कप्तानी में बना डाला वर्ल्ड रिकॉर्ड, भारत को पछाड़ा

IND vs AUS: बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी हारने पर छलका कप्तान बुमराह का दर्द, चोट को लेकर क्या कहा?

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल