जो रूट की कप्तानी में इंग्लैंड ने लॉर्ड्स में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच में पाकिस्तान को 194 रनों से मात दी है। इस जीत के साथ ही जो रूट अब एशियन टीमों के खिलाफ सबसे ज्यादा टेस्ट मैच जीतने वाले इंग्लैंड के कप्तान बन गए हैं। इस मामले में उन्होंने इंग्लैंड के पूर्व कप्तान एंड्र्यू स्ट्रॉस का रिकॉर्ड तोड़ा है। पाकिस्तान की खिलाफ जारी 3 मैचों की टेस्ट सीरीज में इंग्लैंड की टीम शुरुआती दो मैच जीतकर सीरीज में अजेय बढ़त बन चुकी है। अब इंग्लैंड की नजरें क्लीन स्वीप करने पर होगी।
जो रूट एशियन टीमों के खिलाफ जीत चुके हैं 15 टेस्ट
एशियन टीमों के खिलाफ सबसे ज्यादा टेस्ट मैच जीतने वाले इंग्लैंड के कप्तानों की लिस्ट में जो रूट अब टॉप पर पहुंच चुके हैं। रूट ने एशियन टीम के खिलाफ अब तक 22 टेस्ट मैचों में कप्तानी की है और उन्हें 15 मैचों में जीत मिली है। वहीं एंड्र्यू स्ट्रॉस ने 22 मैचों में कप्तानी की थी और वहां उन्हें 14 मैचों में जीत मिली थी। तीसरे नंबर पर एलिस्टेयर कुक का नाम है। कुक ने टेस्ट में 30 मैचों में एशियन टीमों के खिलाफ कप्तानी की वहां उन्हें 12 मैचों में जीत मिली। वहीं नासिर हुसैन और बेन स्टोक्स 7-7 जीत के साथ चौथे नंबर पर मौजूद हैं।
दूसरे टेस्ट मैच का हाल
इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच खेले गए टेस्ट मैच की बात करें तो वहां पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी में 290 रन बनाए थे। इसके जवाब में पाकिस्तान की टीम पहली पारी में सिर्फ 110 रन बनाकर ऑलआउट हो गई थी। पहली पारी के आधार पर इंग्लैंड को 180 रनों की बढ़त मिली थी। इसके बाद इंग्लैंड अपनी दूसरी पारी में 208 रन पर ऑलआउट हो गई। इंग्लैंड ने पाकिस्तान के सामने जीत के लिए 389 रन का टारगेट रखा था। लेकिन पाकिस्तान की टीम दूसरी पारी में 194 रन बनाकर ऑलआउट हो गई और 194 रनों से मैच हार गई।
टेस्ट सीरीज में अभी तक एक बार भी 200 रन नहीं बना पाई है पाक टीम
पाकिस्तान के टेस्ट इतिहास में यह पहली बार हुआ है जब पूरी टीम लगातार चार पारियों में 200 रन के आंकड़े तक भी नहीं पहुंच पाई और ऑलआउट हो गई। लीड्स टेस्ट की दोनों पारियों में भी पाकिस्तान की टीम 200 रन के अंदर ऑलआउट हो गई थी। उस मैच में पाकिस्तान पहली पारी में 171 और दूसरी पारी में 135 रन बनाकर ऑलआउट हो गई थी। अब तीसरे टेस्ट में पाकिस्तान के बल्लेबाजी में सुधार होती है या नहीं ये देखने वाली बात होगी।
यह भी पढ़ें
लॉर्ड्स में मिली हार के बाद फूटा बाबर आजम का गुस्सा, बल्लेबाजों से लेकर गेंदबाजों तक सभी को लताड़ा