इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच 19 अगस्त से टेस्ट सीरीज का आगाज होने जा रहा है। सीरीज का पहला मुकाबला लीड्स के हेडिंग्ले में खेला जाएगा, जिसमें जो रूट इंग्लिश टीम की कमान संभालते नजर आएंगे। जो रूट को दूसरी बार टेस्ट टीम की कमान मिली है। ऐसे में उनकी नजरें टीम को जीत दिलाने के साथ-साथ कई बड़े रिकॉर्ड्स अपने नाम करने पर होंगी। इनमें सचिन तेंदुलकर और रिकी पोंटिंग के 2 बड़े वर्ल्ड रिकॉर्ड भी शामिल हैं।
टूटेगा सचिन का वर्ल्ड रिकॉर्ड?
दरअसल, 35 साल के रूट ने दिसंबर 2012 में भारत के खिलाफ नागपुर टेस्ट से इंटरनेशनल करियर की शुरुआत की थी। अब तक 167 टेस्ट मैचों में उनके नाम 67 अर्धशतक हैं। अगर वह पाकिस्तान के खिलाफ पहले टेस्ट की दोनों पारियों में अर्धशतक लगा देते हैं, तो टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा अर्धशतक लगाने के मामले में सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ देंगे।
सचिन ने 200 टेस्ट मैचों के करियर में 68 अर्धशतक लगाए थे। रूट फिलहाल उनसे सिर्फ एक अर्धशतक पीछे हैं। टेस्ट में सबसे ज्यादा अर्धशतक लगाने वालों की सूची में सचिन और रूट के बाद शिवनारायण चंद्रपॉल, राहुल द्रविड़, एलन बॉर्डर और रिकी पोंटिंग क्रमश: तीसरे, चौथे, 5वें और छठे पायदान पर हैं।
टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा अर्धशतक जड़ने वाले बल्लेबाज
- सचिन तेंदुलकर - 68
- जो रूट - 67
- शिवनारायण चंद्रपॉल -66
- राहुल द्रविड़ - 63
- एलन बॉर्डर - 63
- रिकी पोंटिंग - 62
पोंटिंग का रिकॉर्ड भी खतरे में
रूट की नजर एक और बड़े वर्ल्ड रिकॉर्ड पर होगी। इंग्लैंड में खेले गए 87 टेस्ट की 153 पारियों में वह 7500 रन बना चुके हैं। अगर हेडिंग्ले में 79 रन और जोड़ लेते हैं, तो वह घरेलू टेस्ट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे। यह रिकॉर्ड फिलहाल ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग के नाम है, जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया में 92 टेस्ट की 154 पारियों में 7578 रन बनाए थे।
घरेलू टेस्ट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में महान सचिन तेंदुलकर 7216 रन के साथ तीसरे स्थान पर हैं। यानी पाकिस्तान के खिलाफ पहला टेस्ट रूट के लिए महज कप्तानी की वापसी नहीं, बल्कि रिकॉर्ड्स की झड़ी लगाने का मौका भी है। एक ही मैच में वह सचिन के अर्धशतकों का वर्ल्ड रिकॉर्ड और घरेलू टेस्ट में सबसे ज्यादा रन का आंकड़ा छू सकते हैं। यही नहीं, जो रूट इंटरनेशनल क्रिकेट में 23 हजार रन बनाने के भी बेहद करीब हैं।
यह भी पढ़ें:
पाकिस्तान को लगा बड़ा झटका, बाबर आजम पहले मुकाबले से हुए बाहर; सलमान आगा संभालेंगे कप्तानी की जिम्मेदारी