1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IPL 2025 में अब तक फेंके गए 880 ओवर में सिर्फ 2 बार हुआ ये कमाल, इन बॉलर्स ने अपने 1 ओवर में किया गजब

IPL 2025 में अब तक फेंके गए 880 ओवर में सिर्फ 2 बार हुआ ये कमाल, इन बॉलर्स ने अपने 1 ओवर में किया गजब

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Apr 09, 2025 04:16 pm IST,  Updated : Apr 09, 2025 04:18 pm IST

IPL 2025 में 8 अप्रैल तक 22 मुकाबले खेले जा चुके हैं। इस दौरान सिर्फ 2 बार ऐसा हुआ है जब गेंदबाज एक ओवर में बल्लेबाज पर पूरी तरह से हावी नजर आए हैं यानी कोई रन नहीं दिया।

IPL 2025- India TV Hindi
जोफ्रा आर्चर और वैभव अरोड़ा Image Source : AP

IPL 2025 का 22 मार्च को आगाज हुआ था और 8 अप्रैल तक 22 मुकाबले खेले जा चुके हैं। इन 22 मैचों में एक से बढ़कर एक रिकॉर्ड अब तक बन चुके हैं, लेकिन एक कमाल ऐसा है, जो सिर्फ 2 बार अब तक देखने को मिला है। ये कारनामा गेंदबाजी से जुड़ा है। IPL के 18वें सीजन में बल्ले और गेंद के बीच जबरदस्त टक्कर देखने को मिल रही है। इसके बावजूद सिर्फ 2 बार ऐसा हुआ है, जब गेंदबाज एक ओवर में पूरी तरह से बल्लेबाजों पर हावी रहा है यानी एक ओवर में कोई रन खर्च नहीं किया।

सभी जानते हैं कि IPL के एक मैच में 20-20 ओवर यानी कुल 40 ओवर का खेल होता है। इस हिसाब से 22 मैचों में अब तक 880 ओवर गेंदबाज फेंके जा चुके हैं। इस दौरान सिर्फ 2 ही गेंदबाज ऐसे रहे हैं, जिन्होंने मेडन ओवर फेंकने का कारनामा किया है। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि IPL गेंदबाजों के लिए कितना मुश्किल टूर्नामेंट है। IPL 2025 में अब तक मेडन ओवर फेंकने वाले सिर्फ 2 ही गेंदबाज हैं। पहले गेंदबाज का ताल्लुक राजस्थान रॉयल्स (RR) से है जबकि दूसरा गेंदबाज कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) की टीम का हिस्सा है। 

जोफ्रा आर्चर ने किया मेडन ओवर का शुभारंभ

IPL 2025 में पहला मेडन ओवर फेंकने का बड़ा कारनामा राजस्थान रॉयल्स के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने 30 मार्च को खेले गए मैच में किया था। गुवाहाटी में हुए इस मैच में आर्चर ने चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ 3 ओवर में 13 रन देकर 1 विकेट अपने नाम किया था। इस दौरान वह एक ओवर मेडन फेंकने में सफल रहे थे। दिलचस्प बात ये है कि आर्चर ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ गेंदबाजी का आगाज करते हुए ये मेडन ओवर फेंका था और एक विकेट चटकाया था। उन्होंने चेन्नई की पारी के पहले ही ओवर की चौथी गेंद पर रचिन रवींद्र को डक पर पवेलियन भेजा था। यानी उनका ये ओवर विकेट मेडन रहा। 

KKR के गेंदबाज ने SRH के खिलाफ किया कमाल

आर्चर के बाद वैभव अरोड़ा ने IPL के मौजूदा सीजन में मेडन ओवर फेंकने का कारनामा किया। कोलकाता नाइट राइडर्स के तेज गेंदबाज वैभव अरोड़ा ने 3 अप्रैल को ईडन गार्डन्स में खेले गए IPL 2025 के 15वें मैच में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मेडन ओवर फेंका था। इस मैच में वैभव ने मेडन ओवर ही नहीं बल्कि 4 ओवर में 29 रन देकर 3 बल्लेबाजों का शिकार भी किया था। इस शानदार प्रदर्शन की बदौलत KKR की टीम ने SRH को 80 रनों से धूल चटाई थी। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल