India vs England T20i Series: भारत और इंग्लैंड के बीच होने वाली टी20 सीरीज अब करीब है। जब ये दोनों टीमें आमने सामने होती हैं तो क्रिकेट का रोमांच भी सिर चढ़कर बोलता है। भले ही अगले महीने से चैंपियंस ट्रॉफी हो, लेकिन इससे पहले टी20 इंटरनेशनल सीरीज को लेकर भी काफी उत्सुकता देखी जा रही है। इस सीरीज में विराट कोहली का एक बड़ा कीर्तिमान भी टूटने के करीब है। खास बात ये है कि ये रिकॉर्ड कोई भारतीय नहीं, बल्कि अंग्रेज बल्लेबाज तोड़ सकता है।
भारत बनाम इंग्लैंड टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज अभी विराट कोहली
कोलकाता के ईडन गार्डेंस में 22 जनवरी को भारत और इंग्लैंड की टीमें आमने सामने होंगी। भारत और इंग्लैंड के बीच अब तक जो भी टी20 इंटरनेशनल मुकाबले हुए हैं, उसमें सबसे ज्यादा रन बनाने का काम विराट कोहली ने किया है, लेकिन अब जॉस बटलर उनके काफी करीब पहुंच चुके हैं। विराट कोहली ने इंग्लैंड के खिलाफ 21 टी20 इंटरनेशनल मैच खेलकर 648 रन बनाए हैं। उनसे ज्यादा रन दोनों टीमों की ओर से और किसी के भी नहीं हैं। कोहली ने इंग्लैंड के खिलाफ 5 अर्धशतक जमाए हैं।
जॉस बटलर विराट कोहली से केवल 150 रन पीछे
अब बात अगर जॉस बटलर की करें तो उन्होंने भारत के खिलाफ अब तक 22 टी20 इंटरनेशनल मैच खेलकर 498 रन बनाए हैं। वे इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर आते हैं। यानी अगर इन पांच मैचों की सीरीज में जॉस बटलर ने 151 रन और बना दिए तो वे विराट कोहली से आगे निकल जाएंगे। जॉस बटलर जैसे बल्लेबाज के लिए ये काम करना कोई मुश्किल काम नहीं है। वे हो सकता है कि पांच मैचों तक का इंतजार ना ही करें, पहले दो तीन मैचों में ही ये रिकॉर्ड ध्वस्त हो जाए।
जॉस बटलर इस सीरीज में करेंगे इंग्लैंड के लिए पारी का आगाज
जॉस बटलर इस सीरीज के लिए इंग्लैंड का कप्तान बनाया गया है और पूरी उम्मीद है कि वे सारे के सारे मैच खेलेंगे। वे अपनी टीम के लिए ओपनिंग में उतरकर धमाकेदार बल्लेबाजी करते हैं। वैसे अगर इन दो टॉप बल्लेबाजों के बाद बात करें तो उसमें रोहित शर्मा, जेसन रॉय और इयॉन मोर्गन के नाम आते हैं, जो इस सीरीज में नहीं है और पहले ही रिटायर हो चुके हैं। लिहाजा जॉस बटलर के पास खास मौका है कि वे इन पांच मैचों में कोहली का रिकॉर्ड ध्वस्त कर पहले नंबर की कुर्सी पर काबिज हो जाएं।
यह भी पढ़ें
WTC फाइनल से पहले इस टीम से टेस्ट खेलेगा ऑस्ट्रेलिया, चोटिल खिलाड़ी को मिली हरी झंडी
सूर्यकुमार यादव के सामने कठिन चुनौती, आसान नहीं होगा अंग्रेजों से पार पाना