IPL Final: आईपीएल के इस सीजन के फाइनल का इंतजार काफी ज्यादा हो रहा है। भले ही अभी तक ये तय ना हुआ हो कि आईपीएल की दूसरी फाइनलिस्ट टीम कौन सी है, लेकिन इसके बाद भी अभी से माहौल बनना शुरू हो गया है। वो इसलिए क्योंकि आरसीबी ने फाइनल में क्वालीफाई कर लिया है। इस बीच खास बात ये है कि इस बार आरसीबी के लिए इस साल एक ऐसा भी खिलाड़ी खेल रहा है, जो अब तक एक भी फाइनल नहीं हारा है। हम यहां बात केवल आईपीएल या फिर लीग क्रिकेट की नहीं कर रहे हैं, यहां पर इंटरनेशनल मुकाबले भी शामिल हैं।
जोश हेजलवुड अभी तक नहीं हारे हैं एक भी फाइनल मुकाबला
जोश हेजलवुड एक ऐसे खिलाड़ी हैं, जो इंटरनेशनल क्रिकेट से लेकर लीग तक कभी कोई भी फाइनल अपनी टीम के लिए नहीं हारे हैं, जब भी वे फाइनल के लिए मैदान पर उतरे तो जीतकर ही बाहर निकले हैं। ये अपने आप में कीर्तिमान ही है। जोश हेजलवुड ने साल 2012 में पहली बार फाइनल खेला था। तब चैंपियंस लीग टी20 का फाइनल था और जोश हेजलवुड सिडनी सिक्सर्स के लिए खेल रहे थे। इसे सिडनी ने जीता और ये पहला खिताब था, जो जोश हेजलवुड ने अपने नाम किया।
ऑस्ट्रेलिया को जिता चुके हैं आईपीएल का खिताब
साल 2015 में ऑस्ट्रेलिया के लिए खेल रहे थे, उसी साल ऑस्ट्रेलिया ने वर्ल्ड कप के फाइनल में एंट्री मारी। ये फाइनल मुकाबला ऑस्ट्रेलियाई टीम जीतने में कामयाब रही। ये जोश हेजलवुड का पहला इंटरनेशनल खिताब था, जो वे जीतने में सफल रहे। साल 2020 में जोश हेजलवुड सिडनी सिक्सर्स के लिए बीबीएल का फाइनल खेले और जीतने में सफल रहे। इसे बाद आता है साल 2021 का आईपीएल। उस साल जोश हेजलवुड चेन्नई सुपरकिंग्स के लिए खेल रहे थे। एमएस धोनी की कप्तानी में सीएसके ने फाइनल अपने नाम किया। ये जोश हेजलवुड का पहला आईपीएल खिताब है।
क्या आरसीबी के भी लकीचार्म साबित होंगे जोश
साल 2021 के टी20 वर्ल्ड कप में भी जोश हेजलवुड ऑस्ट्रेलिया के लिए खेल रहे थे, उस साल ऑस्ट्रेलिया ने इस वर्ल्ड कप को अपने नाम करने में सफलता हासिल की थी। इसके बाद आया साल 2023 उस साल ऑस्ट्रेलियाई टीम ने फिर से वर्ल्ड कप अपने नाम किया और ऑस्ट्रेलिया के लिए जोश हेजलवुड खेल रहे थे। अब आरसीबी की टीम आईपीएल के फाइनल में है और जोश हेजलवुड इसी टीम का हिस्सा हैं। अब देखना ये होगा कि दुनिया भर की टीमों के लिए लकी चार्म रहे जोश हेजलवुड क्या आरसीबी को भी पहली बार आईपीएल का खिताब जिताने में कामयाब हो जाएंगे।