हेडिंग्ले टेस्ट के पहले दिन इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोश टंग ने अकेले दम पर पाकिस्तान की आधी टीम को पवेलियन का रास्ता दिखाया। इस तरह टंग ने अपने नाम एक बड़ा रिकॉर्ड भी दर्ज करा लिया। पांच विकेट के शानदार प्रदर्शन के साथ टंग मौजूदा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025-27 में 50 विकेट पूरे करने वाले पहले गेंदबाज बन गए हैं।
लीड्स में खेले जा रहे इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच पहले टेस्ट की पहली पारी में टंग ने शानदार गेंदबाजी की। उन्होंने 9.1 ओवर में 46 रन देकर पांच विकेट हासिल किए। इसके साथ ही उनके विकेटों की संख्या इस WTC चक्र में 50 तक पहुंच गई। टंग ने मौजूदा WTC चक्र में 10 मैचों में 50 विकेट अपने नाम किए हैं। वह इस समय टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। उनके पीछे ऑस्ट्रेलिया के मिचेल स्टार्क 48 विकेट के साथ दूसरे और भारत के मोहम्मद सिराज 41 विकेट के साथ तीसरे स्थान पर हैं।
WTC 2025-27 में सबसे ज्यादा विकेट
- जोश टंग (इंग्लैंड) - 50*
- मिचेल स्टार्क (ऑस्ट्रेलिया) - 48
- मोहम्मद सिराज (भारत) - 41
- बेन स्टोक्स (इंग्लैंड) - 39
- जेडन सील्स (वेस्टइंडीज) - 35
टंग के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि वह इस WTC चक्र में तीन बार एक पारी में पांच विकेट लेने का कारनामा कर चुके हैं। 50 विकेट पूरे करने के साथ वह एक WTC चक्र में यह आंकड़ा छूने वाले इंग्लैंड के छठे गेंदबाज भी बन गए हैं। इस लिस्ट में सबसे ऊपर इंग्लैंड के पूर्व तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड हैं। उन्होंने 2019-21 WTC चक्र में 17 मैच खेलकर 69 विकेट झटके थे। जेम्स एंडरसन ने 2021-23 चक्र में 58 विकेट, जबकि ओली रॉबिन्सन ने 53 विकेट लिए थे। इसके बाद 2023-25 WTC चक्र में गस एटकिंसन ने 11 मैचों में 52 विकेट और क्रिस वोक्स ने 12 मैचों में 51 विकेट हासिल किए थे।
इंग्लैंड के लिए एक WTC चक्र में सबसे ज्यादा विकेट
- स्टुअर्ट ब्रॉड - 69 (2019-21)
- जेम्स एंडरसन - 58 (2021-23)
- ओली रॉबिन्सन - 53 (2021-23)
- गस एटकिंसन - 52 (2023-25)
- क्रिस वोक्स - 51 (2023-25)
- जोश टंग - 50* (2025-27)
जोश टंग के पास अभी मौजूदा WTC चक्र में कई मैच बाकी हैं, ऐसे में वह इंग्लैंड के लिए एक चक्र में सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में ब्रॉड के रिकॉर्ड को ध्वस्त कर सकते हैं। हालांकि, WTC के एक संस्करण में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज स्पिनर नाथन लॉयन के नाम है। लॉयन ने WTC 2021-23 सीजन में ऑस्ट्रेलिया के लिए 20 मैच खेले और 88 विकेट अपने नाम किए।
यह भी पढ़ें: