पाकिस्तान और मेजबान संयुक्त अरब अमीरात यानी UAE के बीच शारजाह में मुकाबला खेला गया। T20I ट्राई सीरीज के इस 5वें मुकाबले में पाकिस्तान ने UAE को 31 रन से हराकर T20I ट्राई सीरीज के फाइनल में अपनी जगह पक्की की। पाकिस्तान के लिए फखर जमां ने शानदार अर्धशतक जड़ा जबकि लेग स्पिनर अबरार अहमद ने अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। उन्होंने 9 रन देकर चार विकेट झटके।
इस मैच में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पांच विकेट पर 171 रन बनाए। इसके जवाब में UAE की टीम सिर्फ 140 रन ही बना सकी। UAE की तरफ से सलामी बल्लेबाज अलीशान शराफू ने 51 गेंद पर सर्वाधिक 68 रन बनाए। इस मैच में UAE को भले ही जीत नहीं मिल सकी, लेकिन टीम के एक गेंदबाज ने नया इतिहास रचने का कारनामा किया।
जुनैद सिद्दीकी ने रचा इतिहास
दरअसल, UAE के तेज गेंदबाज जुनैद सिद्दीकी पाकिस्तान के खिलाफ सबसे महंगे गेंदबाज साबित हुए। उन्होंने 4 ओवर में 52 रन लुटाए और सिर्फ 1 विकेट झटका। इस तरह जुनैद सिद्दीकी ने T20I क्रिकेट में अपने 100 विकेट पूरे कर लिए। सिद्दीकी UAE की ओर से T20I में 100 विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज बने हैं। उनसे पहले UAE की ओर से इस मुकाम तक कोई नहीं पहुंच पाया था।
आपको जानकर हैरानी होगी कि 32 साल के जुनैद सिद्दीकी T20I क्रिकेट में एसोसिएट टीमों की ओर से 100 विकेट लेने वाले 8वें गेंदबाज हैं। इससे पहले हांगकांग, बहरीन, केन्या, युगांडा, नेपाल और ओमान के गेंदबाज ही इस उपलब्धि को हासिल करने में सफल रहे थे।
T20I क्रिकेट में एसोसिएट टीमों की ओर से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज
- एहसान खान (हांगकांग) -127
- रिजवान बट (बहरीन) - 122
- नगोचे (केन्या)- 120
- सेनयोंडो (युगांडा)- 118
- संदीप लामिच्छाने (नेपाल)- 117
- बिलाल खान (ओमान) - 110
- करण केसी (नेपाल)- 103
UAE में खेली जा रही T20I ट्राई सीरीज के फाइनल में अब पाकिस्तान और अफगानिस्तान का आमना-सामना होगा। हालांकि, इससे पहले दोनों टीमें 5 सितंबर को लीग स्टेज में आखिरी बार भिड़ेंगी। इस सीरीज में UAE की टीम को अपने तीनों मैचों में हार का सामना करना पड़ा और इस तरह फाइनल में जाने का सपना चकनाचूर हो गया।