दिल्ली कैपिटल्स की टीम को मुंबई इंडियंस के खिलाफ 12 रनों से हार का मुंह देखना पड़ा। एक समय दिल्ली कैपिटल्स की टीम जीत की तरफ बढ़ती हुई दिखाई दे रही थी, लेकिन फिर 19वें ओवर में टीम के तीन खिलाड़ी रन आउट हो गए और दिल्ली को हार झेलनी पड़ी। मुंबई इंडियंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 205 रन बनाए थे, जिसके जवाब में दिल्ली की टीम 193 रन ही बना सकी। दिल्ली के लिए करुण नायर ने बेहतरीन प्रदर्शन किया और शानदार अर्धशतक लगाया, लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला पाए।
करुण नायर ने जड़ा अर्धशतक
करुण नायर ने 40 गेंदों में 89 रन बनाए, जिसमें 12 चौके और पांच छक्के शामिल थे। उन्होंने आईपीएल में 7 साल बाद अर्धशतक लगाया है। इससे पिछला आईपीएल अर्धशतक उन्होंने साल 2018 में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ जड़ा था। उनके दो अर्धशतकों के बीच 2520 दिनों का अंतर है। यह आईपीएल में किसी भी बल्लेबाज द्वारा 2 फिफ्टी प्लस स्कोर के बीच सबसे ज्यादा दिनों का अंतर है। नायर इससे पहले साल 2022 में आखिरी बार राजस्थान रॉयल्स के लिए आईपीएल में खेले थे। अब दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने उन्हें मौका दिया और वह उम्मीदों पर बिल्कुल खतर उतरे।
मौके का था इंतजार: नायर
करुण नायर ने कहा कि ईमानदारी से कहूं तो मुझे आईपीएल पहले खेल चुका होने के कारण आत्मविश्वास था। मुझे पता था कि कैसे खेलना है। मेरे लिए कुछ नया नहीं था। मेरे दिमाग में तैयारी पूरी थी। बस मौके का इंतजार था। कुछ गेंद खेलकर फिर लय में आने की बात थी। मैं खुद से यही कह रहा था कि खुद को समय दो, आम शॉट खेलो और उसके बाद तेजी से खेल सकते हो। सब कुछ वैसे ही हुआ लेकिन अगर टीम जीत जाती तो अधिक खुशी होती।
पिछले चार मैचों में मौका नहीं मिलने के बावजूद करुण नायर को यकीन था कि उन्हें मौका मिलेगा और इसके लिए वह मानसिक रूप से तैयार थे। फाफ (डु प्लेसी) नहीं खेल रहे थे। हमें पता था कि अगर कोई खिलाड़ी बाहर होता है तो उसकी जगह कौन खेलेगा। मानसिक तौर पर मैं तैयार था। मेरा आत्मविश्वास बढा है और मुझे पता है कि मैं खेलने के लिए पूरी तरह से तैयार हूं।
(Input: PTI)