Kasi Viswanathan on MS Dhoni: चेन्नई सुपर किंग्स के लिए आईपीएल 2026 में मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। इस सीजन येलो आर्मी ने अब तक तीन मैच खेले हैं और तीनों ही में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। एमएस धोनी का चोटिल होना चेन्नई के लिए इस सीजन सबसे बड़ा झटका रहा है। काफ इंजरी की वजह से धोनी शुरुआती कुछ मैचों से बाहर हो गए थे। इस बीच CSK के अधिकारियों ने पुष्टि की है कि धोनी इंजरी से रिकवर करने के लिए रिहैब से गुजर रहे हैं और इस समय उन्हें खेलने के लिए पूरी तरह फिट होने में कम से कम एक और हफ्ते का वक्त लग सकता है।
काशी विश्वनाथन ने एमएस धोनी की फिटनेस पर दिया बड़ा अपडेट
काशी विश्वनाथन ने कहा कि MS रिहैब से गुजर रहे हैं और उन्हें फिट होने में कुछ समय लगेगा। हम अभी यह नहीं बता पाएंगे कि वह कब तक फिट हो पाएंगे। चेन्नई के CEO ने यह भी बताया कि डेवाल्ड ब्रेविस, जो साइड स्ट्रेन की वजह से सीजन की शुरुआत के मैच नहीं खेल पाए थे, अब ठीक हो रहे हैं। हमें उम्मीद है कि वह अगले मैच के लिए उपलब्ध होंगे, लेकिन यह इस बात पर निर्भर करेगा कि उनकी रिकवरी कैसी रहती है। अगले मैच से पहले उनके पास फिट होने के लिए कुछ दिनों का वक्त है।
अब तक किसी भी मैच में टीम के साथ नहीं दिखे हैं माही
क्रिकबज के मुताबिक एमएस धोनी इस वक्त चेन्नई में हैं और रिहैब से गुजर रहे हैं। धोनी का परिवार भी इस वक्त उनके साथ है। धोनी अब तक एक भी मैच में टीम के साथ नहीं दिखे हैं। चेन्नई ने अपना पहला मैच गुवाहाटी में राजस्थान रॉयल्स से खेला था। उस मैच के लिए धोनी गुवाहाटी नहीं गए थे। वहीं दूसरा मैच में उन्होंने अपने घर पर यानी कि चेपॉक में पंजाब किंग्स के खिलाफ खेला था। वहां भी धोनी टीम के साथ नहीं थे। वहीं RCB के खिलाफ मैच के दौरान भी धोनी बेंगलुरु में टीम के साथ नहीं दिखे।
पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे है चेन्नई सुपर किंग्स
आईपीएल 2026 की पॉइंट्स टेबल में चेन्नई सुपर किंग्स की टीम इस वक्त सबसे नीचे हैं। उन्हें अब तक तीनों मैच में हार मिली है। चेन्नई को इससे पहले 2022 में सीजन के पहले चार मैच में हार का सामना करना पड़ा था। उस वक्त रवींद्र जडेजा ने चेन्नई की कप्तानी की थी। अब इस सीजन ऋतुराज गायकवाड़ की कप्तानी में खेल रही चेन्नई की टीम उस अनचाहे रिकॉर्ड को दोहराना नहीं चाहेगी। वह दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच जीतने की पूरी कोशिश करेंगे।
यह भी पढ़ें
नेपाल में सजेगा क्रिकेट का बड़ा मंच, कई टीमें लेंगी हिस्सा, 2027 वर्ल्ड कप से है खास कनेक्शन
वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल ने गुवाहाटी में की छक्कों की बारिश, बुमराह-बोल्ट किसी को नहीं बख्शा