सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) की मालकिन काव्या मारन और मशहूर म्यूजिक सिंगर और कंपोजर अनिरुद्ध रविचंदर की शादी की खबरें आजकल सोशल मीडिया और मीडिया में बहुत चर्चा में हैं। इस बात को बढ़ावा तब मिला जब म्यूजिक कंपोजर और सिंगर के अंकल एक्टर वाई जी महेंद्रन ने एक टीवी चैनल को दिए इंटरव्यू में दावा किया कि उन्हें जो पता चला है, उसके मुताबिक इन दोनों की शादी तय हो चुकी है। उन्होंने यह भी कहा कि दोनों की जोड़ी एक-दूसरे के साथ बहुत अच्छी लगती है। हालांकि इस बात में कितनी सच्चाई है यह कहना मुश्किल है क्योंकि अभी तक न तो काव्या मारन और न ही अनिरुद्ध की तरफ से कोई ऑफिशियल बयान आया है, इसलिए फिलहाल इसे महज एक अफवाह ही माना जा रहा है।
अनिरुद्ध और काव्या की शादी को लेकर वाई जी महेंद्रन ने क्या कहा?
तमिल एक्टर वाई जी महेंद्रन ने एक तमिल टीवी चैनल को दिए इंटरव्यू में इस शादी की चर्चा की। उन्होंने अनिरुद्ध की तारीफ करते हुए कहा कि वह बेहद शांत और अच्छा स्वभाव का लड़का है और वे उन्हें बधाई देना चाहते हैं। महेंद्रन ने दावा किया कि अनिरुद्ध एक बहुत बड़ी शादी करने जा रहे हैं और उन्हें मिली जानकारी के मुताबिक यह बात बिल्कुल पक्की है कि काव्या और अनिरुद्ध शादी करने जा रहे हैं। हालांकि उन्होंने अभी इस बात का खुलासा नहीं किया कि यह शादी कब और कहां होगी।
महेंद्रन ने काव्या मारन को लेकर क्या कहा?
तमिल एक्टर ने सन ग्रुप के मालिक कलानिधि मारन की बेटी काव्या मारन की जमकर तारीफ की है। उन्होंने कहा कि काव्या कोई आम लड़की नहीं हैं, बल्कि उनमें सनराइजर्स हैदराबाद जैसी बड़ी आईपीएल टीम को अकेले संभालने की शानदार काबिलियत है। उन्हें बिजनेस करने की यह समझ अपने पिता से विरासत में मिली है। महेंद्रन ने आगे यह भी कहा कि काव्या और मशहूर म्यूजिक कंपोजर अनिरुद्ध रविचंदर की जोड़ी बहुत बेहतरीन रहेगी और इन दोनों को एक साथ मिलकर म्यूजिक के बिजनेस में आगे बढ़ना चाहिए।
साल 2025 में उड़ी थी अफवाह
म्यूजिक कंपोजर अनिरुद्ध रविचंदर और काव्या मारन के अफेयर की खबरें नई नहीं हैं। इससे पहले साल 2025 में भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'रेडिट' पर एक पोस्ट खूब वायरल हुई थी। उस पोस्ट में यह दावा किया गया था कि दोनों एक साल से भी ज्यादा समय से एक-दूसरे को डेट कर रहे हैं और जल्द ही शादी करने वाले हैं। बात यहीं खत्म नहीं हुई, उस पोस्ट में यह भी कहा गया था कि इस रिश्ते की बात आगे बढ़ाने के लिए अनिरुद्ध के रिश्तेदार और सुपरस्टार रजनीकांत ने खुद काव्या के पिता कलानिधि मारन से मुलाकात की थी।
यह भी पढ़ें
श्रेयस अय्यर की कप्तानी में टीम इंडिया की शर्मनाक शुरुआत, साल 2023 के बाद पहली बार गंवाई टी20 सीरीज