IPL 2026 का रोमांच अब धीरे-धीरे बढ़ रहा है। टूर्नामेंट का आगाज 28 मार्च को हुआ और सभी टीमें अब तक 1-1 मैच खेल चुकी हैं। इस सीजन कौन सी चार टीमें प्लेऑफ में पहुंचेगी इसका अंदाजा लगा पाना फिलहाल काफी मुश्किल लग रहा है, लेकिन इसको लेकर इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर और दिल्ली कैपिटल्स के मेंटोर रह चुके केविन पीटरसन ने बड़ी भविष्यवाणी की है। पीटरसन ने उन चार टीमों के नाम बताएं हैं जो इस सीजन प्लेऑफ में जगह बना सकती हैं।
केविन पीटरसन ने बताए इस सीजन के टॉप-4 टीमों के नाम
दिल्ली कैपिटल्स के पूर्व मेंटर पीटरसन के अनुसार, मुंबई इंडियंस (MI), दिल्ली कैपिटल्स (DC), राजस्थान रॉयल्स (RR) और पंजाब किंग्स (PBKS) आईपीएल 2026 के प्लेऑफ में पहुंच सकती हैं, हालांकि उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के अचानक चोटिल होने की वजह से इसमें बदलाव भी हो सकता है। पीटरसन ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट 'एक्स' पर लिखा कि इस सीजन में आईपीएल के पहले राउंड के मुकाबले देखने के बाद और अभी की स्थिति के हिसाब से एमआई, डीसी, आरआर और पीबीकेएस चार टीमें होंगी, जो प्लेऑफ में पहुंच सकती हैं। हालांकि चोट या फिर किसी और कारण से इसमें बदलाव भी हो सकता है।
RCB को लेकर केविन पीटरसन ने क्या कहा?
पीटरसन ने डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को अपनी इस लिस्ट में शामिल नहीं किया है। उन्होंने कहा कि मेरे हिसाब से आरसीबी के लिए इस सीजन मिडिल ओवर्स, स्पिनर्स और हेजलवुड की फिटनेस चिंता का विषय होगी। आरसीबी ने टूर्नामेंट का आगाज जीत के साथ किया है। टीम ने पहले मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद को 6 विकेट से मात दी थी। अब आने वाले मुकाबलों में हेजलवुड का प्रदर्शन कैसा रहता है ये देखने लायक बात होगी।
CSK और KKR को खिताब जीतने के लिए करना होगा असाधारण प्रदर्शन
पीटरसन के मुताबिक, पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स (CSK), तीन बार की विजेता कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और 2016 में खिताब को अपने नाम करने वाली सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) को इस सीजन टॉप-4 में पहुंचने के लिए कुछ खास करना होगा और अपने खेल में बड़े बदलाव लाने होंगे। छह मुकाबलों के बाद आईपीएल 2026 के प्वाइंट्स टेबल में राजस्थान रॉयल्स की टीम पहले स्थान पर है। टीम का नेट रन रेट 4.171 है, जबकि दूसरे नंबर पर आरसीबी का नाम है।
यह भी पढ़ें
DC vs MI: जसप्रीत बुमराह के पास बड़ा कारनामा करने का मौका, इस लिस्ट में पहुंच सकते हैं दूसरे नंबर पर
नीतीश रेड्डी कैसे मुश्किल दौर से निकले बाहर, KKR के खिलाफ शानदार प्रदर्शन के बाद खोला राज