Kieron Pollard: कायरन पोलार्ड की गिनती टी-20 फॉर्मेट के सबसे धाकड़ बल्लेबाजों में की जाती है। इस फॉर्मेट में वह अब तक कई रिकॉर्ड अपने नाम कर चुके हैं। पोलार्ड फिलहाल कैरेबियन प्रीमियर लीग (CPL 2025) में खेल रहे हैं। पोलार्ड CPL के अगले मैच में एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर सकते हैं। उनके पास टी-20 क्रिकेट में 14000 रनों का आंकड़ा छूने का मौका होगा। CPL 2025 में वह ट्रिनबागो नाइट राइडर्स की टीम के लिए खेल रहे हैं।
14000 टी-20 रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज बनेंगे पोलार्ड
टी-20 फॉर्मेट में अब तक सिर्फ एक बल्लेबाज ने 14000 से अधिक रन बनाए हैं। उस बल्लेबाज का नाम है क्रिस गेल। ऐसे में पोलार्ड अगर अगले मैच में 19 रन बना लेते हैं, तो वह इस फॉर्मेट में 14000 रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन जाएंगे। CPL के जारी सीजन में पोलार्ड अभी तक जिस तरह का प्रदर्शन कर रहे हैं उसे देखते हुए ऐसा लग रहा है कि वह अगले मैच में आसानी से इस उपलब्धि को अपने नाम कर लेंगे।
टी-20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज
टी-20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की बात करें तो वहां क्रिस गेल का नाम पहले नंबर पर है। उन्होंने 463 मैचों में 1562 रन बनाए हैं। दूसरे नंबर पर पोलार्ड का नाम है। उनके नाम फिलहाल 13981 रन दर्ज हैं। 13876 रनों के साथ एलेक्स हेल्स इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर हैं। चौथे नंबर पर डेविड वॉर्नर का नाम है, उन्होंने 13595 रन बनाए हैं। शोएब मलिक 13571 रनों के साथ पांचवें स्थान पर हैं।
CPL के जारी सीजन में कायरन पोलार्ड का प्रदर्शन
CPL 2025 के पांचवें सीजन में कायरन पोलार्ड ने अब तक जबरदस्त बैटिंग की है। उन्होंने तीन मैचों में 63.50 के औसत से 127 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 181.43 का रहा है। इस सीजन वह अब तक 9 चौके और 11 छक्के जड़ चुके हैं। वह अब आने वाले मैचों में इसी फॉर्म को जारी रखना चाहेंगे। वहीं ट्रिनबागो नाइट राइडर्स की बात करें तो उनकी टीम इस सीजन अब तक 3 मैच खेल चुकी है, जहां उन्हें दो में जीत मिली है और एक में हार का सामना करना पड़ा है। 4 अंकों के साथ उनकी टीम पॉइंट्स टेबल में तीसरे नंबर पर है।
यह भी पढ़ें
पहली बार एशिया कप में हिस्सा लेगी ये टीम, भारत के ग्रुप में शामिल; खेल चुकी इतने T20I मैच
18 छक्के-10 चौके, KCL में इस बल्लेबाज ने काटा बवाल, 4 मैचों में ठोक दिए इतने सारे रन