1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. LSG vs KKR: लगातार 2 बीमर के बाद भी नहीं बदला गेंदबाज, आखिर अंपायर्स ने क्यों दी गेंदबाजी की मंजूरी?

LSG vs KKR: लगातार 2 बीमर के बाद भी नहीं बदला गेंदबाज, आखिर अंपायर्स ने क्यों दी गेंदबाजी की मंजूरी?

 Written By: Abhishek Pandey
 Published : Apr 26, 2026 11:55 pm IST,  Updated : Apr 26, 2026 11:55 pm IST

LSG vs KKR: कोलकाता नाइट राइडर्स टीम के तेज गेंदबाज कार्तिक त्यागी को लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ मुकाबले में अपने एक ओवर में लगातार 2 बीमर गेंद करने के बावजूद बॉलिंग से नहीं रोका गया, जिसे देख सभी हैरान जरूर रह गए।

Kartik Tyagi- India TV Hindi
कार्तिक त्यागी Image Source : PTI

इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन का 38वें लीग मुकाबले का अंत काफी रोमांचक देखने को मिला जिसमें कोलकाता नाइट राइडर्स ने सुपर ओवर में लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ मैच में जीत हासिल की। इस मैच में केकेआर की टीम ने लखनऊ को 156 रनों का टारगेट दिया था, लेकिन वह 20 ओवर्स में 155 रनों के स्कोर तक ही पहुंचने में कामयाब हो सकी। वहीं लखनऊ सुपर जाएंट्स टीम जब मैच में टारगेट का पीछा कर रही थी तो उन्होंने 19 ओवर्स में 139 रनों का स्कोर बना लिया था, जिसमें आखिरी ओवर में उन्हें जीत हासिल करने के लिए 17 रनों की दरकार थी और इस ओवर को फेंकने के लिए केकेआर की तरफ से कार्तिक त्यागी आए थे। कार्तिक ने अपने इस ओवर में लगातार 2 बीमर गेंद भी फेंकी लेकिन उन्हें गेंदबाजी से हटाया नहीं गया।

इस वजह से अंपायर्स ने दी कार्तिक त्यागी को गेंदबाजी जारी रखने की मंजूरी

केकेआर ने लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ मैच में आखिरी ओवर कार्तिक त्यागी से कराने का फैसला लिया जिसमें पहली गेंद पर बाई का एक रन आया। इसके बाद कार्तिक त्यागी ने ओवर की दूसरी गेंद बीमर फेंकी जिसे फील्ड अंपायर ने तुरंत नो-बॉल दे दिया। अगली गेंद एकबार फिर से कार्तिक त्यागी ने बीमर ही फेंकी और उसे भी अंपायर ने नो-बॉल देने में बिल्कुल भी देरी नहीं लगाई। इसके बाद सभी को लगा कि कार्तिक त्यागी को अब आगे इस ओवर में गेंदबाजी करने से रोक दिया जाएगा, लेकिन फील्ड अंपायर्स ने आपस में चर्चा करने के बाद उन्हें ये ओवर जारी रखने की मंजूरी दी। इसको लेकर लाइव कॉमेंट्री में जानकारी दी गई कि कार्तिक त्यागी ने जो दूसरी बीमर गेंद फेंकी थी वह लो फुल टॉस थी जो खतरनाक श्रेणी में नहीं आती है। इसी वजह से कार्तिक त्यागी को उस ओवर को जारी रखने की मंजूरी मिल गई।

रिंकू सिंह बने केकेआर की जीत के सबसे बड़े हीरो

इस मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स को जीत दिलाने में रिंकू सिंह का सबसे बड़ा योगदान देखने को मिला, जिसमें उन्होंने जहां पहले 51 गेंदों में 83 रनों की शानदार नाबाद पारी खेलने के साथ अपनी टीम को इस मैच में एक लड़ने लायक स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका अदा की। वहीं इसके बाद फील्डिंग में भी रिंकू सिंह का कमाल देखने को मिला जिसमें वह 4 कैच पकड़ने में कामयाब रहे तो वहीं सुपर ओवर में भी उन्होंने एक शानदार कैच लपका। इसके बाद रिंकू ने सुपर ओवर में बल्लेबाजी करते हुए पहली गेंद पर चौका लगाने के साथ अपनी टीम को जीत दिला दी।

ये भी पढ़ें

धोनी की वापसी को लेकर आई बुरी खबर, फिर हुए चोटिल, CSK के कोच का बड़ा खुलासा

VIDEO: KKR vs LSG मैच में बवाल, अंगकृष रघुवंशी अजीबोगरीब तरीके से आउट, गुस्से में जमीन में दे मारा बल्ला

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल