1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. KKR की टीम ने लगातार तीसरा मैच जीतकर रचा इतिहास, IPL के इतिहास में पहली बार किया ऐसा

KKR की टीम ने लगातार तीसरा मैच जीतकर रचा इतिहास, IPL के इतिहास में पहली बार किया ऐसा

 Written By: Govind Singh
 Published : Apr 03, 2024 11:41 pm IST,  Updated : Apr 04, 2024 03:31 am IST

केकेआर की टीम ने दिल्ली कैपिटल्स की टीम को 106 रनों से हरा दिया। इस मैच में केकेआर के लिए सुनील नरेन ने तूफानी पारी खेली है और 85 रन बनाए। इसके बाद उन्होंने गेंदबाजी में भी एक विकेट हासिल किया।

KKR Team- India TV Hindi
KKR Team Image Source : IPL

KKR vs DC IPL 2024: कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम ने दिल्ली कैपिटल्स को 106 रनों से हरा दिया। इस मैच में केकेआर के लिए गेंदबाजों और बल्लेबाजों ने दमदार प्रदर्शन किया। केकेआर की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, जो सही साबित हुआ। केकेआर की टीम ने 272 रन बनाए, जो आईपीएल के इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है। इसके बाद दिल्ली कैपिटल्स 166 रनों पर ऑलआउट हो गई और दिल्ली की टीम को 106 रनों से मुकाबला गंवाना पड़ा। आईपीएल के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है कि केकेआर की टीम ने सीजन के शुरुआती तीनों मैच जीते हैं। इससे पहले ऐसा कभी नहीं हुआ था कि आईपीएल में केकेआर ने शुरुआती तीन मुकाबले जीते हों। दिल्ली से पहले केकेआर ने आरसीबी और सनराइजर्स हैदराबाद को हराया था। 

पंत-स्टब्स ने लगाए अर्धशतक 

पहाड़ जैसे स्कोर का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की टीम की शुरुआत बहुत ही खराब रही। जब डेविड वॉर्नर और पृथ्वी शॉ बड़ी पारियां नहीं खेल पाए। वॉर्नर ने 18 रन और शॉ ने 10 रन बनाए। इसके बाद मिचेल मार्श और अभिषेक पोरेल बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। इससे दिल्ली की पारी जल्दी ही सिमटती हुई नजर आ रही थी। लेकिन इसके बाद कप्तान ऋषभ पंत और ट्रिस्टन स्टब्स ने रन बनाने की जिम्मेदारी संभाली। पंत ने 55 रन और स्टब्स ने 54 रन बनाए। लेकिन ये खिलाड़ी अपनी टीम को जीत नहीं दिला पाए। इन दोनों के आउट होते ही दिल्ली की टीम की पारी ताश के पत्तों की तरह  बिखर गई और निचले क्रम के बल्लेबाज कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाए। 

कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए वरुण ने हासिल किए तीन विकेट

वरुण चक्रवर्ती और वैभव अरोड़ा ने 3-3 विकेट अपने नाम किए। मिचेल स्टार्क ने दो विकेट अपने नाम किए। स्टार्क ने आईपीएल 2024 में अपना पहला विकेट इसी मैच में लिया है। आंद्रे रसेल और सुनील नरेन के खाते में 1-1 विकेट गया। वैभव अरोड़ा सबसे किफायती रहे। उन्होंने 4 ओवर में 27 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए। 

सुनील नरेन ने की विस्फोट बल्लेबाजी

सुनील नरेन ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी की। उन्होंने सिर्फ 39 गेंदों में ही 85 रन बनाए, जिसमें 7 चौके और 7 छक्के शामिल थे। उन्होंने केकेआर की टीम को बड़े स्कोर की नींव दी। उनके अलावा अंगकृष रघुवंशी ने 54 रन बनाए। आंद्रे रसेल ने 41 रनों का योगदान दिया। अंत में रिंकू सिंह ने कुछ बड़े स्ट्रोक लगाए। उन्होंने सिर्फ 8 गेंदों में ही 26 रन बनाए, जिसमें 1 चौका और तीन छक्के लगाए। कप्तान श्रेयस अय्यर ने 18 रन दिए। इन बल्लेबाजों की वजह से ही केकेआर की टीम 272 रनों का स्कोर बना पाई। दिल्ली कैपिटल्स के गेंदबाज अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए। टीम के लिए सबसे ज्यादा विकेट एनरिक नॉर्खिया ने हासिल किए। उन्होंने तीन विकेट चटकाए। लेकिन वह बहुत ही महंगे साबित हुए।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल