1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. KKR vs GT: केकेआर ने गुजरात को दी 29 रनों से मात, सुनील नरेन ने गेंदबाजी में दिखाया कमाल

KKR vs GT: केकेआर ने गुजरात को दी 29 रनों से मात, सुनील नरेन ने गेंदबाजी में दिखाया कमाल

 Written By: Abhishek Pandey @anupandey29
 Published : May 16, 2026 06:29 pm IST,  Updated : May 16, 2026 11:35 pm IST

KKR vs GT: केकेआर ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेले गए मुकाबले को 29 रनों से अपने नाम करने के साथ शानदार जीत हासिल की है। इस मैच में 248 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी जीटी 20 ओवर्स में 218 रन ही बनाने में कामयाब हो सकी।

कोलकाता नाइट राइडर्स- India TV Hindi
कोलकाता नाइट राइडर्स Image Source : AFP

KKR vs GT: इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन का 60वां लीग मुकाबला कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में कोलकाता नाइट राइडर्स और गुजरात टाइटंस की टीम के बीच में खेला गया जिसमें केकेआर की टीम 29 रनों से जीत हासिल करने में कामयाब रही। इस मैच में गुजरात टाइटंस टीम के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया था। केकेआर की तरफ से इस मैच में शानदार बल्लेबाजी प्रदर्शन देखने को मिला जिसमें उन्होंने पहले खेलते हुए 20 ओवर्स में 247 रनों का स्कोर बनाया।

कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम जब इस मैच में पहले बल्लेबाजी करने उतरी तो उनकी शुरुआत अच्छी नहीं रही जिसमें उन्होंने अपना पहला विकेट 44 के स्कोर पर कप्तान अजिंक्य रहाणे के रूप में गंवा दिया। इसके बाद फिन एलन और अंगकृष रघुवंशी के बीच दूसरे विकेट के लिए 41 गेंदों में 95 रनों की बेहतरीन साझेदारी देखने को मिली। फिन एलन इस मैच में 35 गेंदों में चार चौके और 10 छक्कों की मदद से 93 रनों की पारी खेलने के बाद पवेलियन लौटे। यहां से बल्लेबाजी करने उतरे कैमरून ग्रीन ने रघुवंशी के साथ मिलकर रन गति को बनाए रखा और अंत तक खेलते हुए स्कोर 247 रनों तक पहुंचा दिया। अंगकृष रघुवंशी के बल्ले से इस मैच में 82 रनों की तो वहीं कैमरून ग्रीन के बल्ले से 52 रनों की बेहतरीन पारी देखने को मिली। वहीं गुजरात टाइटंस की तरफ से गेंदबाजी में मोहम्मद सिराज और आर साई किशोर ने 1-1 विकेट हासिल किया।

गुजरात टाइटंस की टीम जब टारगेट का पीछा करने उतरी तो उनके कप्तान शुभमन गिल और साई सुदर्शन की ओपनिंग जोड़ी ने तेज शुरुआत दी लेकिन 52 के स्कोर पर सुदर्शन चोटिल होने की वजह से रिटायर्ड हर्ट हो गए। वहीं इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरे निशांत सिद्धु सिर्फ एक रन बनाकर आउट हो गया। यहां से शुभमन गिल और जोस बटलर ने मिलकर 128 रनों की साझेदारी करने के साथ गुजरात को इस मुकाबले में बनाए रखने की कोशिश की, लेकिन गिल के 85 और बटलर के 57 रन बनाकर आउट होने के साथ ही गुजरात टाइटंस की हार तय हो गई। वहीं साई सुदर्शन जो गिल के पवेलियन लौटने के बाद फिर से बल्लेबाजी करने उतरे थे वह 53 रनों की पारी खेलने के बाद नाबाद पवेलियन लौटे। केकेआर की तरफ से गेंदबाजी में सुनील नरेन ने 2 जबकि सौरभ दुबे और कैमरून ग्रीन 1-1 विकेट हासिल किया।

यहां पर देखिए इस मैच के लिए दोनों टीमों की प्लेइंग 11

कोलकाता नाइट राइडर्स - अजिंक्य रहाणे (कप्तान), फिन एलन, अंगकृष रघुवंशी (विकेटकीपर), कैमरून ग्रीन, मनीष पांडे, रिंकू सिंह, सुनील नरेन, अनुकूल रॉय, वरुण चक्रवर्ती, सौरभ दुबे, कार्तिक त्यागी।

गुजरात टाइटंस - साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), निशांत सिंधु, वाशिंगटन सुंदर, जेसन होल्डर, राशिद खान, अरशद खान, कगिसो रबाडा, आर साई किशोर, मोहम्मद सिराज।

यहां पर देखिए इस मैच में दोनों टीमों के इम्पैक्ट प्लेयर्स लिस्ट

कोलकाता नाइट राइडर्स - रोवमन पॉवेल, रमनदीप सिंह, तेजस्वी दहिया, मथीशा पथिराना, वैभव अरोड़ा।

गुजरात टाइटंस - प्रसिद्ध कृष्णा, राहुल तेवतिया, अनुज रावत, कुमार कुशाग्र, ग्लेन फिलिप्स।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल