Cameron Green Flop: आईपीएल 2026 से पहले केकेआर ने मिनी ऑक्शन में ऑस्ट्रेलिया के स्टार ऑलराउंडर कैमरून ग्रीन को 25.20 करोड़ में खरीदा था। कोलकाता की टीम मैनेजमेंट को उम्मीद थी कि वह गेंद और बल्ले दोनों से इस सीजन अपनी भूमिका निभाएंगे। लेकिन इस सीजन के पहले तीन मैच में कैमरून ग्रीन का प्रदर्शन जैसा रहा है, उसे देखकर ऐसा ही लग रहा है कि ऑक्शन में कैमरून ग्रीन को खरीदकर केकेआर ने बहुत बड़ी गलती कर दी।
कैमरून ग्रीन बल्ले से नहीं कर पा रहे अच्छा प्रदर्शन
आपको बता दें कि कैमरून ग्रीन इस सीजन के शुरुआती मुकाबलों में इंजरी के कारण गेंदबाजी नहीं कर रहे हैं। वहीं, बल्ले से भी उनकी लगातार नाकामी ने केकेआर की मुश्किलों को बढ़ा दिया है। इस आईपीएल सीजन में ग्रीन लगातार तीसरे मुकाबले में भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके। पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच में उनकी पारी सिर्फ दो गेंदों तक ही चली। पहली बॉल पर उन्होंने चौका लगाया, तो अगली ही गेंद पर जेवियर बार्टलेट ने उन्हें पवेलियन भेज दिया।
तीन मैचों में 24 रन बना पाए हैं कैमरून ग्रीन
केकेआर ने इस सीजन अपना पहला मैच मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेला था। उस मैच में ग्रीन ने 18 रन बनाए। वहीं हैदराबाद के खिलाफ मैच में ग्रीन 2 रन बनाकर आउट हो गए थे। वहीं पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच में वह 2 गेंदों में 4 रन बनाकर आउट हो गए। इस सीजन वह एक भी मैच में वह बड़ी पारी नहीं खेल पाए हैं, तीन मैचों में उनके बल्ले से सिर्फ 24 रन आए हैं। कैमरून ग्रीन आईपीएल में अभी तक 32 मुकाबले खेलने में कामयाब रहे हैं। इस दौरान उन्होंने 31 पारियों में 36.55 के औसत से 731 रन बनाए हैं। वह आईपीएल में एक शतक दो अर्धशतक ठोक चुके हैं।
कैमरून ग्रीन क्यों नहीं कर रहे हैं गेंदबाजी?
कैमरून ग्रीन के गेंदबाजी न करने का असर कोलकाता नाइट राइडर्स के टीम कॉम्बिनेशन पर पड़ा है और खुद कप्तान अजिंक्य रहाणे ने भी इस बात को स्वीकार कर किया है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने ग्रीन के वर्कलोड मैनेजमेंट के कारण उन्हें आईपीएल 2026 के शुरुआती मुकाबलों में गेंदबाजी करने से रोका है। ग्रीन कितने मुकाबलों के बाद गेंदबाजी करेंगे अभी इसको लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। ग्रीन को अब आने वाले मैचों में हर हाल में बल्लेबाजी में अच्छा प्रदर्शन करना होगा।
यह भी पढ़ें
ODI का अनोखा रिकॉर्ड, ना बनाया कोई रन, ना ही लिया विकेट, फिर भी बना प्लेयर ऑफ द मैच