भारतीय क्रिकेट टीम की तरफ से साल 2023 में टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू करने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज केएस भरत ने चार जून की शाम को इंटरनेशनल के साथ घरेलू क्रिकेट से भी अपने रिटायरमेंट का ऐलान करने के साथ सभी को चौंका दिया। केएस भरत की गिनती भारतीय क्रिकेट के बेहतरीन विकेटकीपर बल्लेबाजों में की जाती है, जो लंबे समय तक टीम इंडिया के टेस्ट स्क्वाड में ऋषभ पंत की मौजूदगी में बैकअप विकेटकीपर के तौर पर रहे। पंत जब कार दुर्घटना होने की वजह से बाहर हुए थे, तो उसके बाद केएस भरत को टेस्ट में डेब्यू करने का मौका मिला जिसमें उन्होंने अपना पहला मुकाबला ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घर पर खेला था। भरत ने अपना आखिरी इंटरनेशनल मैच साल 2024 में हुई इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में खेला था, जिसके बाद उन्हें मौका नहीं मिला।
केएस भरत को मिला था रोहित शर्मा की कप्तानी डेब्यू का मौका
ऋषभ पंत के कार दुर्घटना में घायल होने के बाद केएस भरत को टेस्ट क्रिकेट में उनकी जगह पर रोहित शर्मा की कप्तानी में डेब्यू करने का मौका मिला था। केएस भरत इंटरनेशनल क्रिकेट में मौका मिलने के बाद अपनी बल्लेबाजी से अधिक प्रभावित करने में कामयाब नहीं हो सके, जिसमें उन्हें वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के दूसरे संस्करण में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए फाइनल मुकाबले में भी खेलने का मौका मिला था, लेकिन वह इसका फायदा नहीं उठा सके। केएस भरत को कुल 7 टेस्ट मैच खेलने का मौका मिला जिसमें उन्होंने 12 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए 20.09 के औसत से 221 रन बनाए थे। इस दौरान उनके बल्ले से एक भी शतकीय और अर्धशतकीय पारी देखने को नहीं मिली।
घरेलू क्रिकेट में रहा है भरत का शानदार रिकॉर्ड
केएस भरत ने इंटरनेशनल के साथ घरेलू क्रिकेट से भी अपने रिटायरमेंट का ऐलान कर दिया है, जिसमें वह डोमेस्टिक में आंध्रा की टीम से खेलते थे। भरत ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में कुल 113 मुकाबलों में खेलते हुए 180 पारियों में बल्लेबाजी की और उसमें उनके बल्ले से 36.53 के औसत से 6102 रन देखने को मिले साथ ही वह 11 शतकीय और 34 अर्धशतकीय पारियां भी खेलने में कामयाब रहे। लिस्ट-ए क्रिकेट में केएस भरत ने कुल 83 मुकाबले खेले और उसमें उन्होंने 36.37 के औसत से 2692 रन बनाए, इसके अलावा 91 टी20 मैचों में उनके नाम पर 23.23 के औसत से 1812 रन दर्ज हैं।
ये भी पढ़ें
IND vs AFG: शुभमन गिल बतौर कप्तान हजार रन पूरा करने से 50 रन दूर, बनेंगे दूसरे सबसे तेज भारतीय