न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे मैच में टीम इंडिया ने 4 विकेट से जीत दर्ज की। इस मैच में भारतीय टीम ने 301 रन के टारगेट को छह गेंद रहते हासिल किया। टीम इंडिया के लिए इस रन चेज में विराट कोहली की भूमिका काफी अहम रही। उन्होंने इस मैच में 93 रनों की दमदार खेली और शतक लगाने से सिर्फ 7 रन से दूर रह गए। उनके खिलाफ कीवी गेंदबाज पानी मांगते हुए नजर आए। इस बीच मैच खत्म होने के बाद कीवी गेंदबाज काइल जैमिसन ने विराट कोहली को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि विराट जैसे बल्लेबाज पर अंकुश लगाना किसी भी गेंदबाज के लिए भी आसान नहीं होता है। इस मैच में जैमिसन ने ही विराट को आउट किया।
काइल जैमिसन ने विराट कोहली को लेकर दिया बड़ा बयान
न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक मैच के बाद हुए प्रेस कॉन्फ्रेंस में न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज काइल जैमिसन ने कहा कि यह कहना मुश्किल है कि यह विराट का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है या नहीं। वह लंबे समय से काफी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। जब भी उनसे आमना सामना होता है, तो आपको लगता है कि उनसे मुकाबला करने के लिए भी आपको अपना बेस्ट प्रदर्शन करना होगा। वह एक अलग ही स्तर के खिलाड़ी हैं और अधिकतर समय अच्छी लय में नजर आते हैं।
विराट के लिए बनाना होगा स्पेशल प्लान- जैमिसन
तेज गेंदबाज ने आगे कहा कि कोहली जैसे खिलाड़ियों को रोकने के लिए आपको कुछ खास रणनीति, कुछ अलग प्लान बनाना होता है। लेकिन उन जैसे दिग्गज बल्लेबाजों पर अंकुश नहीं लगाया जा सकता है। वह थोड़ा बहुत अपना दबदबा बनाए रखते हैं, इसलिए मुझे उन्हें खेलते हुए देखना बहुत अच्छा लगा। जैमीसन चोट की वजह से कई बार नेशनल टीम से अंदर-बाहर होते रहे हैं। आपको बता दें कि वह आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम का हिस्सा रह चुके हैं और वहां उन्होंने विराट कोहली के साथ ड्रेसिंग रूम शेयर किया है।
पहले वनडे में काइल जैमिसन ने की किफायती गेंदबाजी
पहले वनडे मैच में काइल जैमिसन के प्रदर्शन की बात करें तो वहां उन्होंने किफायती गेंदबाजी करते हुए 10 ओवर में 41 रन खर्च किए। वहां उन्होंने एक मेडन ओवर फेंका और 4 विकेट अपने नाम किए। उनके अलावा आदित्य अशोक और क्रिस्टन क्लार्क ने 1-1 विकेट हासिल किए। उनके अलावा बाकी के कीवी गेंदबाज कुछ खास कमाल नहीं कर सके और वह सिर्फ रन ही खर्च कर पाए। जिस वजह से उन्हें अंत में हार का मुंह देखना पड़ा।
यह भी पढ़ें
बांग्लादेश इस शहर में खेल सकता है अपने टी20 वर्ल्ड कप के मुकाबले, सामने आया बड़ा अपडेट
विराट कोहली की दमदार पारी से टीम इंडिया ने जीत से किया आगाज, न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हराया