1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. लिटन दास इस मामले में बन गए पहले बांग्लादेशी खिलाड़ी, मुशफिकुर रहीम को छोड़ दिया पीछे

लिटन दास इस मामले में बन गए पहले बांग्लादेशी खिलाड़ी, मुशफिकुर रहीम को छोड़ दिया पीछे

 Written By: Abhishek Pandey @anupandey29
 Published : Jun 26, 2025 08:31 pm IST,  Updated : Jun 26, 2025 08:31 pm IST

SL vs BAN: बांग्लादेश की टीम अभी श्रीलंका के दौरे पर है, जहां पर वह मेजबान टीम के खिलाफ 2 मैचों की टेस्ट सीरीज खेल रही है। इस सीरीज के दूसरे मैच में बांग्लादेश टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज लिटन दास ने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।

Litton Das- India TV Hindi
लिटन दास Image Source : AP

श्रीलंका और बांग्लादेश के बीच कोलंबो के मैदान पर खेले जा रहे सीरीज के दूसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन के खेल में लिटन दास ने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। इस मुकाबले में बांग्लादेश की टीम को पहले बल्लेबाजी करने का मौका मिला जिसमें वह अपनी पहली पारी में 247 रन बनाकर सिमट गए। वहीं श्रीलंका की टीम ने दूसरे दिन का खेल खत्म होने पर 2 विकेट के नुकसान पर 290 रन बना लिए थे। लिटन दास ने दूसरे दिन के खेल में जब श्रीलंकाई टीम के बल्लेबाज दिनेश चांदिमल का कैच विकेट के पीछे पकड़ा तो बतौर विकेटकीपर वह बांग्लादेश के लिए टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा डिसमिसल करने वाले खिलाड़ी बन गए।

लिटन दास ने मुशफिकुर रहीम को छोड़ा पीछे

बांग्लादेश के लिए लंबे समय तक टेस्ट क्रिकेट में मुशफिकुर रहीम ने विकेटकीपर की भूमिका अदा की है, जिसमें उनके नाम कुल 113 डिसमिसल करने का रिकॉर्ड दर्ज है। वहीं अब इस लिस्ट में लिटन दास पहले नंबर पर पहुंच गए हैं, जिनके नाम 114 डिसमिसल करने का बतौर विकेटकीपर रिकॉर्ड दर्ज हो गया है। लिटन दास के 114 डिसमिसल में से उन्होंने जहां 99 कैच पकड़े हैं, तो वहीं 15 स्टम्पिंग की है। कोलंबो टेस्ट मैच के तीसरे दिन के खेल में लिटन दास के पास एक और बड़ा रिकॉर्ड बनाने का मौका रहेगा जिसमें यदि वह एक और कैच पकड़ते हैं तो वह बतौर विकेटकीपर बांग्लादेश के लिए टेस्ट क्रिकेट में 100 कैच पकड़ने वाले पहले खिलाड़ी बन जाएंगे।

श्रीलंका ने ली 43 रनों की बढ़त

दूसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन का खेल खत्म होने पर बांग्लादेश की टीम जरूर बैकफुट पर आ गई थी, जिसमें मेजबान श्रीलंका की टीम ने उनकी पहली पारी के स्कोर के मुकाबला 43 रनों की बढ़त हासिल कर ली थी। ऐसे बांग्लादेश की टीम को यदि इस मुकाबले में वापसी करनी है तो उनके लिए तीसरे दिन के खेल का पहला सेशन काफी अहम रहने वाला है। दूसरे दिन का खेल खत्म होने पर श्रीलंका की तरफ से पथुम निसांका 146 और प्रभात जयसूर्या 5 रन बनाकर खेल रहे थे। इसके अलावा दिनेश चांदिमल दिन का खेल खत्म होने से ठीक पहले 93 रन बनाकर आउट हो गए थे।

ये भी पढ़ें

SL vs BAN: पथुम निसांका ने खेली एक और शानदार शतकीय पारी, इस लिस्ट में अब सिर्फ शुभमन गिल से पीछे

अब ये क्रिकेटर भी बदलेगा अपनी टीम, दो ही साल बाद फिर से वापसी

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल