साउथ अफ्रीका की टीम ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले को 84 रनों से अपने नाम करने के साथ सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है। इस वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला मकाय के स्टेडियम में खेला गया जिसमें साउथ अफ्रीका की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 49.1 ओवर्स में 277 रनों का स्कोर बनाने में कामयाब हो सकी। वहीं इसके बाद 278 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया की टीम 37.4 ओवर्स में 193 रनों का स्कोर बनाकर सिमट गई। साउथ अफ्रीका टीम की जीत में तेज गेंदबाज लुंगी एन्गिडी ने अहम भूमिका निभाई जो 5 विकेट लेने में कामयाब रहे और एक खास लिस्ट का भी हिस्सा बन गए।
लुंगी एन्गिडी इस मामले में बने साउथ अफ्रीका टीम के पहले खिलाड़ी
ऑस्ट्रेलिया की टीम को दूसरे वनडे मैच में 193 रनों के स्कोर पर समेटने में लुंगी एन्गिडी ने अहम भूमिका निभाई, जिसमें उन्होंने मार्नश लाबुशेन, जोश इंग्लिश, आरोन हार्डी, जेवियर बार्टलेट और एडम जम्पा का विकेट हासिल करने में कामयाब रहे। लुंगी एन्गिडी ने इस मुकाबले में 8.4 ओवर्स में 42 रन देने के साथ 5 विकेट हासिल किए। इसी के साथ लुंगी एन्गिडी वनडे में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2 बार पांच विकेट हॉल लेने वाले साउथ अफ्रीका के पहले खिलाड़ी बन गए हैं। इसके अलावा वर्ल्ड क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे में 2 या उससे ज्यादा बार पांच विकेट लेने के मामले में लुंगी एन्गिडी अब तक के सिर्फ चौथे खिलाड़ी हैं।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे में 2 या उससे ज्यादा बार 5 विकेट हॉल लेने वाले खिलाड़ी
- कर्टली एम्ब्रोस - 3
- शेन बांड - 3
- ट्रेंट बोल्ट - 2
- लुंगी एन्गिडी - 2
वनडे में अब तक लुंगी एन्गिडी का ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दिखा शानदार प्रदर्शन
लुंगी एन्गिडी का ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे फॉर्मेट में अब तक काफी शानदार प्रदर्शन देखने को मिला है। लुंगी ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 11 वनडे मैचों में खेलते हुए 16.96 के औसत से कुल 26 विकेट हासिल किए हैं, जिसमें उनका इकॉनमी रेट 5.03 का रहा है। दोनों टीमों के बीच खेली जा रही इस वनडे सीरीज का अब आखिरी मुकाबला 24 अगस्त को मकाय के मैदान पर ही खेला जाएगा।
ये भी पढ़ें
धमाकेदार T20 लीग के प्लेऑफ के वेन्यू का हुआ ऐलान, दूसरी बार इस शहर में खेला जाएगा फाइनल
कैमरन ग्रीन का अद्भुत कारनामा, साउथ अफ्रीका के खिलाफ ऐसा करने वाले बने पहले ऑस्ट्रेलियन