Matthew Breetzke Record: ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के बीच वनडे सीरीज का आगाज हो गया है। पहले ही मुकाबले में गजब का रोमांच देखने के लिए मिला। हालांकि अभी सीरीज के दो और मैच बचे हुए हैं। दरअसल दुनिया की दो सर्वश्रेष्ठ टीमें आमने सामने हैं तो ऐसा ही होता है। इस बीच साउथ अफ्रीका के नए नवेले बल्लेबाज मैथ्यू ब्रीट्जके ने बड़ा कारनामा कर दिया। दुनिया में अब तक केवल चार ऐसा कमाल कर पाए हैं, लेकिन साउथ अफ्रीका के पहले बल्लेबाज अब मैथ्यू ब्रीट्जके बन गए हैं।
मैथ्यू ब्रीट्जके ने फिर से खेली 50 प्लस रनों की पारी
करीब 26 साल के मैथ्यू ब्रीट्जके ने हाल ही में अपना वनडे डेब्यू किया है। 10 फरवरी 2025 में उन्होंने पाकिस्तान के लाहौर में न्यूजीलैंड के खिलाफ 150 रनों की शानदार पारी खेली थी। इसके बाद पाकिस्तान के खिलाफ कराची में उन्होंने अपने दूसरे मैच में 83 रनों की पारी खेली। ये दोनों पारियां चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान खेली गई थी। इसके बाद साउथ अफ्रीका की टीम वनडे के लिए क्रिकेट के मैदान में उतरे ही नहीं। अब जब नई वनडे सीरीज शुरू हुई तो मैथ्यू ब्रीट्जके ने फिर से अर्धशतक जमाया। इस बार उन्होंने 57 रनों की पारी खेली और छा गए।
दुनिया के चौथे बल्लेबाज बने
वनडे क्रिकेट के इतिहास में अभी तक केवल चार ही बल्लेबाज ऐसे हुए हैं, जिन्होंने अपने पहले तीन वनडे मैचों में 50 प्लस रनों की पारी खेली है। साउथ अफ्रीका के लिए ऐसा करने वाले वे पहले बल्लेबाज बन गए हैं। मैथ्यू ब्रीट्जके से पहले के बल्लेबाजों की बात की जाए तो भारत के नवजोत सिंह सिद्ध के अलावा टॉम कूपर और मैक्स ओ'डॉड ने भी ऐसा ही काम किया था। कई साल बाद ऐसा कमाल देखने के लिए मिला है।
ऐसा रहा है अभी तक मैथ्यू ब्रीट्जके का रिकॉर्ड
मैथ्यू ब्रीट्जके अभी तक तीन वनडे खेले हैं। वहीं बात अगर टी20 इंटरनेशनल की करें तो वहां उन्होंने 10 मुकाबले खेलकर 151 रन बनाए हैं। तीन वनडे मैचों में लगातार तीन अर्धशतक लगाने वाले मैथ्यू ब्रीट्जके टी20 में भी एक 50 प्लस रन की पारी खेल चुके हैं। बात अगर टेस्ट की करें तो अब तक दो टेस्ट खेलकर उन्होंने 14 रन बनाने का काम किया है।