Mehidy Hasan Miraz Injury: शेरे में बांग्ला स्टेडियम में खेले गए दूसरे वनडे में बांग्लादेश ने ऑस्ट्रेलिया को 5 विकेट से हराकर इतिहास रच दिया। बांग्लादेश की टीम ने पहली बार किसी द्विपक्षीय सीरीज में ऑस्ट्रेलिया को हराया है। दोनों टीमों के बीच पहला वनडे मैच साल 1990 में खेला गया था और 36 साल के बाद बांग्लादेश ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहली वनडे सीरीज जीत दर्ज की। इस मैच में बांग्लादेश के लिए विनिंग सिक्स लगाने वाले कप्तान मेहदी हसन मिराज मुकाबाला खत्म होने के बाद तुरंत अस्पताल चले गए और इसकी जानकारी मैच के बाद नजमुल हुसैन शांतो ने दी।
नाथन एलिस की बाउंसर पर चोटिल हुए थे मेहदी हसन मिराज
दरअसल दूसरा वनडे मैच जीतने के लिए बांग्लादेश को 42 ओवर में 188 रन का टारगेट हासिल करना था। इसके जवाब में बल्लेबाजी के दौरान बांग्लादेश के कप्तान मेहदी हसन मिराज के सिर पर तेज गेंदबाज नाथन एलिस की तेज बाउंसर लगी। इसके बाद मैदान पर उनका कंकशन टेस्ट हुआ और उन्हें बाहर ले जाने के लिए स्ट्रेचर भी लाया गया। यह घटना पारी के 34वें ओवर में घटी। हालांकि चोट लगने के बाद भी मेहदी हसन क्रीज पर डटे रहे और 22 रन की नाबाद पारी खेलकर टीम को ऐतिहासिक वनडे सीरीज जिताने के बाद वापस लौटे। इसके बाद उन्हें तुरंत हॉस्पिटल ले जाया गया।
24 घंटे तक हॉस्पिटल में रहेंगे मिराज
बांग्लादेश टीम के फिजियो ने इस बात की पुष्टि की है कि मिराज को मैच के दौरान कंकशन हुआ था। इसी वजह से डॉक्टरों की निगरानी और जरूरी जांच के लिए उन्हें 24 घंटे अस्पताल में ही रखा जाएगा। हालांकि, डॉक्टरों ने बताया है कि वह अब पूरी तरह से खतरे से बाहर हैं और उनकी स्थिति बेहतर है। उनके अस्पताल में होने की वजह से मैच खत्म होने के बाद प्रेजेंटेशन सेरेमनी में उनकी जगह नजमुल हुसैन शांतो आए थे। अब मेहदी हसन मिराज तीसरे वनडे मैच के लिए फिट हो पाते हैं या नहीं ये देखना दिलचस्प होगा।
ऑस्ट्रेलिया के दो बल्लेबाजों ने लगाया अर्धशतक
मुकाबले की बात करें तो बारिश की वजह से ये मैच 42-42 ओवर का हुआ। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की टीम 42 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 187 रन बनाने में कामयाब रही। कंगारू टीम के दी बल्लेबाज अर्धशतक लगाने में कामयाब रहे। मार्नस लाबुशेन ने 85 बॉल पर नाबाद 55 रन की पारी खेली। वहीं जेवियर बार्टलेट ने 48 गेंदों में 52 रन बनाए। जवाब में बांग्लादेश ने इस टारगेट को 35 ओवर में 5 विकेट रहते हासिल कर लिया। टीम के लिए सौम्य सरकार ने सबसे ज्यादा 42 रन बनाए। वहीं शान्तो ने 41 और तौहीद हृदोय ने नाबाद 40 रन बनाए।
यह भी पढ़ें